सारंग सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठन के रंगारंग कार्यक्रम में हंसी के गुब्बारे, बच्चों की प्रस्तुतियों ने जीता सबका दिल
- सहारनपुर में होली मिलन कार्यक्रम को सम्बोधित करते महापौर डा. अजय कुमार सिंह।
सहारनपुर। सारंग सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठन द्वारा होली पर्व के उपलक्ष्य में हंसी के गुब्बारे के साथ होली के रंग नामक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन बड़े हर्षोल्लास और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में गीत, संगीत, हास्य, नृत्य और फूलों की होली के माध्यम से सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश दिया गया।
अंबाला रोड स्थित एक होटल के सभागार मेंकार्यक्रम का शुभारंभ परी जैन ने गणेश वंदना प्रस्तुत कर किया, जिससे माहौल भक्तिमय हो गया। इसके बाद सुनील शर्मा ने मधुर गीतों से समां बांध दिया, वहीं व्यापारी नेता महेश नारंग ने होली गीत प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। नन्ही प्रतिभाओं में जसलीन, रक्षिता चुग, आरुषि जैन और हरगुण ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। अश्मीत सिंह, यज्ञ साहनी और कार्तिक सेठी ने चुटकुले सुनाकर सभी को हंसी से लोटपोट कर दिया। रमेश चंद्र छबीला और आहवान जैन की हास्य प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। रामकिशन भारती, जुबेर और आनंद सोदायी की हास्य झलकियों ने भी सभी को खूब गुदगुदाया। के.के. गर्ग और श्रीधर वशिष्ठ के बांसुरी वादन ने वातावरण को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया।
इस अवसर पर एडवोकेट अशोक पोसवाल, रमेश चंद्र शर्मा, राकेश वत्स, रवि जुनेजा, पार्षद राजेंद्र सिंह कोहली, मुकेश गक्खड़, सुभाष चंद्र, डॉ. एम.पी. सिंह चावला, पंडित आत्माराम और आर.के. जैन सहित अन्य अतिथियों ने सभी को होली की शुभकामनाएं देते हुए मिठाई वितरित की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महापौर अजय कुमार सिंह ने कहा कि होली केवल रंगों का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, प्रेम और भाईचारे का प्रतीक है। उन्होंने सभी से मिलजुलकर सौहार्दपूर्ण वातावरण में होली मनाने का आह्वान किया तथा अपने हास्य व्यंग से सभी को खूब हंसाया। कार्यक्रम का संचालन रवि बख्शी एवं अरुण सूरी ने संयुक्त रूप से किया।
