सीएम डैश बोर्ड की बैठक में छात्रों के छात्रवृत्ति संबंधी नुकसान पर जिलाधिकारी ने लिया सख्त निर्णय
- सहारनपुर में सीएम डेश बोर्ड की बैठक को सम्बोधित करते जिलाधिकारी।
सहारनपुर। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने छात्रवृत्ति संबंधी योजनाओं की समीक्षा के दौरान लापरवाही पर सख्त नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि सम्बन्धित सभी शिक्षण संस्थानों को अंतिम चेतावनी जारी की जाए। उन्होंने कहा कि यदि विभाग या शिक्षण संस्थाओं की लापरवाही से किसी भी छात्र को छात्रवृत्ति संबंधी नुकसान हुआ तो संबंधित के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
जिलाधिकारी श्री बंसल कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में सीएम डैश बोर्ड पर विकास कार्यों की समीक्षा बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने शिक्षण संस्थाओं एवं विद्यालयों को अंतिम चेतावनी देते हुए कहा कि यदि विभाग या शिक्षण संस्थाओं की लापरवाही से किसी भी छात्र को छात्रवृत्ति संबंधी नुकसान हुआ तो संबंधित के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी। छात्रवृत्ति संबंधी सभी विभाग ऐसे विद्यालयों की सूची तैयार कर जिला विद्यालय निरीक्षक को उपलब्ध कराएं जिससे इन पर अग्रिम कार्यवाही की जा सके।
जिलाधिकारी ने जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी को निर्देश दिए कि गांव-गांव में अभियान चलाकर सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी दिव्यांग पेंशन से वंचित न रहे। उन्हांेने सभी विभागों को निर्देश दिए कि सभी अधिकारी प्रोएक्टिव होकर कार्य को करना सुनिश्चित करें। श्री बंसल ने विद्युत विभाग को निर्देश दिए कि आगामी गर्मी के मौसम के दृष्टिगत समय से ही खराब ट्रांसफार्मर, जर्जर तार एवं आवश्यक उपकरणों को दुरूस्त कर लिया जाए।
जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिए कि ग्राम पंचायतवार समीक्षा कर प्रत्येक ग्राम पंचायत में विकास कार्यों के लिए सचिवों को टारगेट दिए जाएं। जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी को लोक निर्माण विभाग से संबंधित परियोजनाओं की अद्यतन स्थिति की समीक्षा बैठक कराने के निर्देश दिए। मत्स्य विभाग संबंधी अधिकारी के बैठक में अनुपस्थित रहने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। नेडा विभाग को 25 केवी से ज्यादा लोड वाले कार्यालयों में विभाग से समन्वय करते हुए सोलर रूफ टॉप प्लांट लगाने के संबंध में कार्यवाही की जाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सहारनपुर सुमित राजेश महाजन, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट विनोद कुमार मीणा, पीडीडीआरडीए प्रणय कृष्ण, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी प्रताप सिंह सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।
