यूपी: सहारनपुर में दिनदहाड़े चिकित्सक को मारी गोली, हालत गंभीर, वारदात को अंजाम देकर आरोपी फरार
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जनपद में बुधवार को दिनदहाड़े बदमाशों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। यहां गंगोह क्षेत्र में अज्ञात बदमाशों ने एक चिकित्सक पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। जिसमें चिकित्सक बुरी तरह घायल हो गया।
वहीं वारदात को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल डॉक्टर को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार गंगोह में धर्मकांटे के नजदीक बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने डॉक्टर अकबर पर दिनदहाड़े गोली मार दी। गोली लगते ही चिकित्सक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा।
घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही सीओ अजय शर्मा गंगोह और तीतरों व नानौता पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली।
घायल डॉक्टर को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं पुलिस ने बदमाशों को काफी तलाश किया लेकिन वह हाथ नहीं लग सके। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।