कन्नौज  समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव प्रदेश सरकार पर हमलावर रहे। उन्होंने प्रदेश में ट्रांसफर-पोस्टिंग में बड़े पैमाने पर घोटाले का आरोप लगाते हुए सरकार से सीबीआइ जांच कराने की मांग की। साथ ही योगी सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि विपक्ष को अब सवाल पूछने की जरूरत ही नहीं पड़ती, उनके मंत्री ही खुद मुख्यमंत्री से सवाल पूछ रहे हैं। उन्हाेंने पिछले दिनों तालग्राम में हुए सांप्रदायिक बवाल को लेकर कहा कि यह दंगा भाजपा के लोगों ने ही कराया था, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

मंगलवार को तिर्वा रोड स्थित समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रेसवार्ता में कहा कि भाजपा सरकार के लोकनिर्माण मंत्री अपने विभाग के प्रमुख सचिव पर आरोप लगा रहे हैं तो नमामि गंगे के मंत्री कह रहे हैं, कि उनकी सुनी नहीं जा रही है और अनुसूचित जाति के होने के कारण लगातार अपमानित किया जा रहा है। अधिकारी सुन नहीं रहे हैं। वहीं डिप्टी सीएम भली लगातार सरकार पर आराेप लगा रहे हैं कि उन्हें ट्रांसफर पोस्टिंग की जानकारी तक नहीं दी गई। इससे साबित हो रहा है कि सरकार बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। उन्होंने एक पूर्व राज्यमंत्री का नाम लिए बिना कहा कि आपको याद होगा कि पिछले कार्यकाल में कन्नौज की एक मंत्री को भ्रष्टाचार के आरोप में ही हटाया गया था।

उन्होंने आरोप लगाया कि पहले कांग्रेस भ्रष्टाचार करती थी, वही काम अब भाजपा कर रही है। यह सरकार केवल उद्योगपतियों को लाभ पहुंचा रही है। बच्चों को ड्रेस और खाना तक नहीं मिल पा रहा है। पिछली साल भी बच्चों को किताबें नहीं मिलीं थीं। बिजली के सवाल पर कहा कि सरकार को अपने संकल्प पत्र के अनुसार पहले किसानों के लिए बिजली फ्री करना चाहिए। इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष कलीम खां, पूर्व विधायक कलियान सिंह दोहरे, अनिल दोहरे, अरविंद यादव, इंजी. अनिल पाल, जयकुमार तिवारी बऊअन समेत कई सपा नेता उपस्थित रहे।

कन्नौज में बने काम बिगाड़ रही सरकार

पूर्व मुख्यमंत्री ने सरकार पर आराेप लगाया कि पिछले कार्यकाल में भी भाजपा ने यहां कुछ नहीं कराया और इस बार भी कुछ नहीं हो रहा। बल्कि सरकार बने कामों को बिगाड़ रही है। ठठिया की विशिष्ट मंडी, इत्र पार्क में कोई काम नहीं हुआ तो मेडिकल कालेज और कैंसर इंस्टीट्यूट में भी काम नहीं हुआ। सपा ने जो सड़कें बनवाईं थीं, उनमें गड्ढे हो गए हैं। जो लोग आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे की बुराई करते थे, आज वही उस पर चल रहे हैं।

सपा चलाएगी मेगा सदस्यता अभियान

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पत्रकारों को बताया कि जल्द ही समाजवादी पार्टी वृहद सदस्यता अभियान चलाएगी, जिसमें हर क्षेत्र के लोगों को पार्टी से जोड़ा जाएगा। हर शहर, कस्बा, गांव, गली मोहल्ले तक पार्टी की नीतियों और रीतियों का विस्तार होगा। इसके लिए पार्टी संगठन के निष्ठावान कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई है। अधिक से अधिक लोगों को सपा से जोड़ना ही लक्ष्य है।