हरियाणा में आज नायब सिंह सैनी की ताजपोशी, मंत्रिमंडल में किन्हें मिलेगी जगह? चर्चाएं तेज

हरियाणा में आज नायब सिंह सैनी की ताजपोशी, मंत्रिमंडल में किन्हें मिलेगी जगह? चर्चाएं तेज

हरियाणा में आज नायब सिंह सैनी बतौर मुख्यमंत्री शपथ लेंगे। सुबह 11 बजे पंचकूला के शालीमार ग्राउंड में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत बीजेपी और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों समेत 37 प्रमुख नेता शामिल होंगे। सूत्रों के अनुसार, नायब सिंह सैनी के साथ 8 से 10 विधायकों को भी मंत्रिपद की शपथ दिलाई जा सकती है। इस मंत्रिमंडल में जातीय और क्षेत्रीय संतुलन का विशेष ध्यान रखा जाएगा।

बीजेपी की रिकॉर्ड जीत के बाद, कल चंडीगढ़ में विधायक दल की बैठक में नायब सिंह सैनी को नेता चुना गया। इस बैठक में गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थिति में सैनी के नाम की घोषणा की गई। शाह ने कहा, “हरियाणा में इस बार 36 बिरादरी की सरकार बनेगी, जो राज्य के हर व्यक्ति के विकास के लिए प्रतिबद्ध होगी।” इसके बाद, सैनी ने राजभवन पहुंचकर सरकार बनाने का दावा पेश किया और अब आज वह मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

नायब सैनी का राजनीतिक सफर:

  • 1996: संघ से जुड़े और बीजेपी में अपना सफर शुरू किया।
  • 2009: हरियाणा की नारायणगढ़ सीट से चुनाव लड़ा लेकिन हार गए।
  • 2014: पहली बार विधायक बने और राज्य मंत्री का पद संभाला।
  • 2019: कुरुक्षेत्र से पहली बार सांसद चुने गए।
  • 2023: हरियाणा बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष बने।
  • 2024: हरियाणा के 11वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे।

मंत्रिमंडल में संभावित चेहरे:

मंत्रिमंडल के गठन में जाति और क्षेत्रीय संतुलन का ध्यान रखा जाएगा। संभावित मंत्रियों की सूची में शामिल नामों में कृष्ण कुमार बेदी, अनिल विज, कृष्ण लाल पंवार, मूलचंद शर्मा, महिपाल ढांडा, रणबीर गंगवा, आरती राव, विपुल गोयल, राव नरबीर, अरविंद शर्मा, श्याम सिंह राणा, डॉ. कृष्ण मिड्ढा और राजेश नागर प्रमुख हैं। वहीं, हरविंद्र कल्याण और अनिल विज का नाम विधानसभा अध्यक्ष के लिए चर्चा में है। मंत्रिमंडल में कुल 14 मंत्री होंगे, जबकि दो पद बाद में भरे जाएंगे।

शपथ समारोह में हजारों लोगों की उम्मीद:

हरियाणा विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 90 में से 48 सीटें जीतकर ऐतिहासिक तीसरी बार सरकार बनाई। कांग्रेस ने 37 सीटों पर जीत हासिल की। नायब सैनी दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं, और इस भव्य आयोजन में करीब 50,000 लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।


विडियों समाचार