एमएलसी चुनाव में सरकार कर सकती है सरकारी मशीनरी का दुरूपयोग: इमरान

एमएलसी चुनाव में सरकार कर सकती है सरकारी मशीनरी का दुरूपयोग: इमरान
  • सहारनपुर में पत्रकारों से वार्ता करते कांग्रेस अनुशासन समिति के सदस्य व पूर्व विधायक इमरान मसूद।

सहारनपुर [24CN]। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अनुशासन समिति के सदस्य व पूर्व विधायक इमरान मसूद ने कहा कि उत्तर प्रदेश विधान परिषद की मेरठ-सहारनपुर खंड स्नातक सीट के प्रत्याशी जितेंद्र कुमार गौड़ शिक्षाविद् व रोटेरियन हैं जिसके चलते उन्हें शिक्षकों व रोटेरियन का पूरा समर्थन मिल रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि भाजपा की सरकार एमएलसी चुनाव में सरकारी मशीनरी का दुरूपयोग कर सकती है जिसके सम्बंध में उन्होंने चुनाव आयोग में भी शिकायत की है। पूर्व विधायक इमरान मसूद आज यहां आईटीसी रोड स्थित कांग्रेस के एमएलसी प्रत्याशी जितेंद्र कुमार गौड़ के चुनाव कार्यालय पर पत्रकारों के साथ वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देश की वर्तमान परिस्थितियां गम्भीर हैं। किसान आंदोलन करने के लिए मजबूर है तथा सरकार की गलत नीतियों की वजह से आज देश का किसान व जवान आमने-सामने खड़ा हो गया है जिसके लिए केंद्र की भाजपा सरकार जिम्मेदार है।

उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों को समर्थन मूल्य देने की बात करते हैं। यदि कृषि कानून में समर्थन मूल्य को जोड़ दिया जाए तो किसानों का आंदोलन अपने आप समाप्त हो जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार अडानी, अम्बानी के हितों को साधने के लिए किसान विरोधी कानून बनाने का काम कर रही है जिसके चलते किसानों की जमीन कारपोरेट घरानों के हवाले हो जाएगी और किसान मजदूर बनकर रह जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसी भी सूरत में किसानों का उत्पीडऩ व शोषण नहीं होने देगी तथा किसानों के आंदोलन का पूरा समर्थन करेगी। एक सवाल के जवाब में उन्होंने बताया कि केंद्र की भाजपा सरकार लाभकारी देने वाले उपकरणों को भी बेचने का काम कर रही है तथा 35 हजार करोड़ रूपए का लाभ देने के बावजूद गेल को भी निजी कम्पनियों को बेचने का काम किया गया है। वार्ता के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष चौ. मुजफ्फर अली, विधायक नरेश सैनी, एआईसीसी मेम्बर जावेद साबरी, महानगर अध्यक्ष वरूण शर्मा, किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष डा. सुरेंद्र मनिनवाल, प्रवीण चौधरी आदि मौजूद रहे।