विशेष कैंप का आयोजन कर बिलों में किया गया सुधार
- सहारनपुर में कैंप में प्रपत्र जमा कर अपने बिलों में आयी विसंगतियों को ठीक कराते भवन स्वामी।
सहारनपुर। नगर निगम द्वारा आज घण्टाघर स्थित व्यापार भवन पर जीआईएस सर्वे के अंतर्गत आ रही विसंगतियों के समाधान हेतु एक विशेष कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में भवन स्वामियों द्वारा स्वकर निर्धारण प्रपत्र भरकर दिए गए, जिनका मौके पर ही समाधान किया गया। नगरायुक्त शिपू गिरि ने भी कैंप का निरीक्षण किया।
नगर निगम द्वारा जीआईएस सर्वे के अंर्तगत विसंगतियों में सुधार की प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए महानगर के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष कैंप लगाने के नगरायुक्त शिपू गिरि ने निर्देश दिए थे। उन्हीं निर्देशों के अनुक्रम में आज घण्टाघर स्थित व्यापार भवन पर निगम के राजस्व विभाग द्वारा कर निर्धारण अधिकारी सुधीर शर्मा के नेतृत्व एक विशेष कैंप का आयोजन किया गया। सुधीर शर्मा ने बताया कि कैंप में 130 लोगों ने स्वतः प्रपत्र भरकर जमा कराये। जिनका मौके पर ही निस्तारण किया गया। उन्होंने बताया कि 60 लोगों ने बिल के अंतर की धनराशि भी मौके पर ही जमा करायी। कुल एक लाख 45 हजार रुपये जमा किये गए। नगरायुक्त शिपू गिरि ने भी व्यापार भवन पहुंचकर कैंप का निरीक्षण किया और विसंगतियों के समाधान की प्रक्रिया पर संतोष व्यक्त किया।
व्यापार मण्डल के अध्यक्ष विवेक मनोचा, महासचिव सुरेंद्र मोहन चावला, पूर्व पार्षद पुनीत चैहान व सुधीर मिगलानी आदि व्यापारियों ने नगरायुक्त का स्वागत किया और उन्हें व कर अधीक्षक को स्मृति चिह्नन देकर उनका अभिनंदन किया। कैंप में राजस्व निरीक्षक राजेंद्र, सुशील कुमार, अंकित चैधरी, टीसी अंशुल गर्ग व अविनाश आदि रहे।
