जामा मस्जिद के इमाम ने रमजान में की घर से इबादत की अपील, डीएनडी पर तैनात आरएएफ

जामा मस्जिद के शाही इमाम ने लोगों से रमजान में घर में रहने की अपील की

जामा मस्जिद के शाही इमाम ने आज कहा कि अगर हम सरकार निर्देशों का पालन करेंगे तो कोरोना जल्द ही खत्म होगा। रमजान का पवित्र महीना शुरू होने वाला है। इस दौरान आप लोग अपने घरों में ही इबादत करें और सामाजिक दूरी का पालन करें। इन सब का पालन करने के बाद हम दूसरों को सुरक्षित रख सकेंगे।

आज भी दिल्ली-यूपी सीमा सील, डीएनडी टोल पर आरएएफ तैनात
पुलिस और आरएएफ के सुरक्षा बल टोल प्लाजा पर तैनात हैं और वाहनों की आवाजाही पर नजर रखे हुए हैं जो दिल्ली से गौतमबुद्ध नगर में प्रवेश कर रहे हैं या गौतमबुद्ध नगर से दिल्ली जा रहे हैं। बता दें कि आज भी दिल्ली से सटी यूपी की सीमाएं सील हैं।

गाजियाबाद में लॉकडाउन के चलते किसानों को हो रहा नुकसान
गाजियाबाद के फारूख नगर गांव के एक किसान सुनील ने बताया कि ‘मैं यहीं खेत में काम करता हूं। पूरी मेहनत कर रहे हैं लागत भी, बीज भी आगे बिकेगी या नहीं ये उसका नसीब। हमें तो लगान चढ़ रहा है वो कहां से देंगे। खेत वाला हर छठे महीने 50,000 ले जाता है। लॉकडाउन में किसान ही मर रहा है, बड़ा आदमी कहां मर रहा है बताओ’।

दिल्ली में 2248 हुई कुल संक्रमितों की संख्या
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा है कि दिल्ली में पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 2248 है, इसमें कल 92 केस जुड़े और 113 मरीज ठीक हो गए। अभी तक दिल्ली में कोरोना से 724 लोग ठीक हो चुके हैं जो कि कुल संक्रमितों का 32 प्रतिशत है। 2248 में से 48 लोगों की मृत्यु हो चुकी। 24 लोग आईसीयू में और 6 लोग वेंटिलेटर पर हैं।