यमुना नदी पर अवैध कब्जों को तत्काल हटवाया जाए – मण्डलायुक्त

यमुना नदी पर अवैध कब्जों को तत्काल हटवाया जाए – मण्डलायुक्त

सहारनपुर [24CN]। मण्डलायुक्त श्री लोकेश एम. ने  सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिए है कि यमुना नदी पर किये गये स्थायी एवं अस्थायी कब्जों को चिन्हित कर अवैध कब्जों को तत्काल हटवाया जाना सुनिश्चित करें। उन्होने इस कार्य के लिए अपर आयुक्त प्रशासन श्री डी0पी0सिंह तथा अधीक्षण अभियन्ता सिंचाई श्री ओमप्रकाश वर्मा को नोडल अधिकारी नियुक्त किया। उन्होने कहा कि नोडल अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित कर कार्य को समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराना सुनिश्चित करेंगे। उन्होने कहा कि जल निकायों के संरक्षण में किसी भी स्तर पर  लापरवाही न बरती जाए।

श्री लोकेश एम0 आज अपने कार्यालय कक्ष में यमुना नदी पर अवैध कब्जों को हटवाने के लिए बैठक में अधिकारियों को यह निर्देश दिए। उन्होने उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्व रिकाॅर्ड के अनुसार नदी किनारे गांव की सीमाओं को चिन्हांकन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। नोडल अधिकारी कार्य के प्रगति की साप्ताहिक रिपोर्ट प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें। सिंचाई विभाग सेटेलाईट इमेज उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे। सेटेलाईट इमेज और राजस्व रिकार्ड के अनुसार उपजिलाधिकारी लेखपाल तथा सिंचाई विभाग के अवर अभियन्ताओं के साथ संयुक्त निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें।

मण्डलायुक्त ने कहा कि राजस्व प्रशासन को मजबूत करने के लिए मण्डल के लेखपालों को प्रशिक्षण दिलाया जाना सुनिश्चित किया जाए। प्रक्षिण के दौरान उपजिलाधिकारी भी अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करेंगे।

बैठक में अपर आयुक्त प्रशासन श्री डी0पी0सिंह, अपर आयुक्त श्री सुरेन्द्र राम, अधीक्षण अभियन्ता सिंचाई श्री ओमप्रकाश वर्मा, उप जिलाधिकारी नकुड श्री देवेन्द्र कुमार पाण्डेय, उप जिलाधिकारी सदर श्री अनिल कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी ऊन मनी अरोड़ा, उप जिलाधिकारी कैराना श्री उदभव त्रिपाठी सहित सिंचाई विभाग के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।