‘आपको कब्रिस्तान प्यारा था तो आपने…’, गोरखपुर में CM योगी का विपक्ष पर हमला, 2027 चुनाव पर साधा निशाना
उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं और सभी दल तैयारी में जुटे हैं. इसी क्रम में गोरखपुर पहुंचे सीएम योगी ने बिना नाम लिए समाजवादी पार्टी और उसके नेतृत्व पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि उनकी सरकार विकास और सुशासन के एजेंडे पर काम कर रही है, जबकि विपक्ष जातिवाद और परिवारवाद की राजनीति करता रहा है.
गोरखपुर में 25 मार्च को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम में विपक्ष पर तीखा हमला बोला है. इस संबोधन के दौरान उन्होंने मंदिरों के विकास को लेकर बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि पहले मंदिरों को सुविधाएं नहीं मिलती थीं और पैसा कब्रिस्तानों पर खर्च होता था, जबकि उनकी सरकार मंदिरों के विकास के लिए काम कर रही है.
मंदिर विकास और सरकार की प्राथमिकता
सीएम योगी ने कहा, “बीजेपी सरकार ने हर एक जगह कुछ न कुछ करने का प्रयास कर रही है, पहले ये नहीं होता था, पहले मंदिरों को सुविधा नहीं मिलती थी, ये पैसा कब्रिस्तान के लिए जाता था, सपा के अंक नेता ने कहा कि आप लोगों ने कब्रिस्तान का पैसा डायवर्ट कर दिया है, हमले कहा कि डायवर्ट नहीं किया है, ये पैसा सरकार का पैसा था, जनता का पैसा था, आपको कब्रिस्तान प्यारा था तो आपने वहां पैसा दिया, हमें मंदिर प्यारे हैं, हम मंदिर के लिए पैसा दे रहे हैं, जिसको जो प्यारा होता है, वो वही करता है.”
उन्होंने कहा कि राज्य में करीब 1500 मंदिरों के सुंदरीकरण के लिए धनराशि दी गई है और यह कार्य पहले नहीं होता था. उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों में मंदिरों को नजरअंदाज किया जाता था और संसाधनों का उपयोग अन्य जगहों पर किया जाता था. उनके मुताबिक, उनकी सरकार ने स्पष्ट किया है कि जो प्राथमिकता में होगा, उसी पर खर्च किया जाएगा और मंदिरों के विकास को बढ़ावा दिया जाएगा.
विकास कार्य और उपलब्धियों का जिक्र
कार्यक्रम में सीएम योगी ने अयोध्या, काशी विश्वनाथ धाम और विंध्यवासिनी धाम के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि आज ये स्थल भव्य रूप ले चुके हैं. उन्होंने कहा कि जिस अयोध्या में पहले अव्यवस्था थी, आज वह दुनिया के सुंदर शहरों में गिनी जाती है. साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे बूथ स्तर तक सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाएं ताकि विकास कार्यों की जानकारी लोगों को मिलती रहे.
