‘अगर वोट नहीं बचेगा तो लोकसभा, राज्यसभा और राज्य की विधानसभाएं भी नहीं बचेंगी’, सदन में बोले राहुल गांधी
नई दिल्ली। मंगलवार को संसद के शीतकालीन सत्र में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने चुनाव सुधारों पर चर्चा के बीच निचले सदन को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि वे बराबरी में विश्वास नहीं करते, वे हायरार्की में विश्वास करते हैं और मानते हैं कि उन्हें सबसे ऊपर होना चाहिए।
लोकसभा में चुनाव सुधार पर चर्चा के दौरान राहुल गांधी के भाषण के दौरान हंगामा शुरू हो गया है। लोकसभा में राहुल गांधी चुनाव सुधार के बदले आरएसएस सहित अन्य विषयों पर बोलने लगे। जिसके बाद सदन में हंगामा शुरू हो गया। संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि हम लोग सुनने के लिए बैठे हैं, लेकिन नेता विपक्ष किसी और विषय पर बोल रहे हैं। उन्होंने राहुल गांधी से विषय पर बोलने को कहा।
राहुल गांधी ने कहा कि देश भी फैब्रिक की तरह है। जैसे धागे से कपड़ा और लोगों से देश है। गोड्से ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की हत्या की। आरएसएस सभी संस्थाओं पर कब्जा जमाना चाहता है। संवैधानिक संस्थाओं पर भी कब्जा चाहता है। आरएसएस को समानता से दिक्कत है।
चुनाव सुधार पर चल रही बहस में राहुल गांधी ने खादी, महात्मा गांधी, गोडसे, आरएसएस का भी जिक्र किया। राहुल गांधी ने कहा कि हमारा देश भी एक कपड़ा है। 1.4 अरब लोगों का देश है। अगर वोट नहीं बचता है तो लोकसभा, राज्यसभा राज्य की विधानसभाएं भी नहीं बचेंगी।
संसद का निचला सदन चुनाव सुधारों के मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है। इसमें भारत के चुनाव आयोग (ECI) द्वारा अलग-अलग राज्यों में शुरू किए गए स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) एक्सरसाइज पर चर्चा शामिल है। विपक्षी पार्टियां महीनों से SIR पर बहस की मांग कर रही हैं, कांग्रेस वोटर लिस्ट में गड़बड़ियों का आरोप लगा रही है।
