‘मुसलमान अगर सपा को छोड़ दें तो दो टके की पार्टी रह जाएगी’, ब्रजेश पाठक ने बागपत में सपा पर बोला तीखा हमला
बागपत। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक जनपद के दौरे पर भाजपा कार्यकर्ताओं को 2027 के लिए तैयार कर गए। वे सपा और कांग्रेस को परिवारवादी पार्टियां बताते हुए भाजपा और उनके बीच का अंतर भी साफ समझा गए। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि अगर मुस्लिम समाज सपा को छोड़ दे तो यह दो टके की पार्टी रह जाएगी।
अपना प्रधान तक नहीं जिता पाएगी। मुसलमानों को भी ये केवल डराकर वोट लेते हैं। सपा कभी काम के नाम पर वोट नहीं मांग पाएगी। उन्होंने अखिलेश यादव के ”37 सांसद 2027 जिताएंगे” वाले बयान पर कहा कि अखिलेश दिन में सपने देखते हैं।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को भाजपा और अन्य पार्टियों के बीच अंतर बताते हुए कहा कि राहुल गांधी अगर शादी कर लें तो इनका बेटा-बेटी कांग्रेस का अगला अध्यक्ष होगा। अगर इनकी शादी नहीं होती है तो प्रियंका का बेटा-बेटी नेता बन जाएगा। सपा का अगला नेता अखिलेश यादव का बेटा-बेटी होगा।
इसी तरह शिवसेना, शरद पंवार की एनसीपी, तमिलनाडु में करुणानिधि की पार्टी डीएमके भी परिवारवादी पार्टियां हैं। केवल भाजपा इस देश में ऐसी पार्टी है जो लोकतांत्रिक व्यवस्था, चुनाव आयोग के नियमों व संविधान के तहत काम करती है। अब नितिन नवीन अध्यक्ष बने हैं।
कोई यह नहीं बता सकता कि अगला अध्यक्ष कौन होगा। भाजपा एक-एक कार्यकर्ता की पार्टी है। उन्होंने कहा कि सपा कभी काम के नाम पर वोट नहीं मांग पाएगी। सपा की सरकार में बागपत, बड़ौत या किसी भी गांव में अगर कोई खेत, मकान, दुकान खाली पड़ा होता था तो सपा के लोग झंडा लगाकर कहते थे- समाजवादी पार्टी का नारा है खाली प्लाट हमारा है।
सपा केवल दो बिरादरियों की पार्टी है। ये केवल धर्म व बिरादरी के नाम पर वोट मांगते हैं। प्रदेश को लूटना चाहते हैं। सपा सरकार में एक-एक गाड़ी में माफिया दस-दस बंदूक लेकर चलते थे। अब सड़क पर कहीं बंदूक नहीं दिख सकती। अब बंदूक लेकर कहीं चले जाओ तो लोग भगा देंगे, कहेंगे कि गुंडा है।
उन्होंने कहा कि सपा ने इस राज्य को एक हजार से ज्यादा दंगे दिए। मुजफ्फरनगर को भूलना नहीं। हमारी बेटी को बुरी नजर से देखा, पर एफआईआर भी नहीं कराई। शाम पांच बज जाते थे और बेटी नहीं आती थी तो अम्मा चिल्लाती थी बेटी जल्दी घर आ जाओ। पिता-भाई साथ जाते थे। अब हमारी बेटी रात को 12 बजे भी अपने घर जा सकती है। किसी की हिम्मत नहीं कि आंख उठा कर देख ले।
उन्होंने कहा कि सपा की गुंडई, अराजकता व जंगलराज को आज भी प्रदेश के लोग भूले नहीं हैं। सपा की सरकार जब आई जनता कष्ट में रही, बहू-बेटी की इज्जत खतरे में रही और प्लाट, दुकान, मकान खतरे में रहा है। हमारी सरकार कानून व्यवस्था के लिए प्रतिबद्ध है। सड़कों का जाल बिछाया है। पूरी दुनिया में भारत के विकास की चर्चा है। भारत की अर्थव्यवस्था चौथे नंबर पर है। जल्द ही तीसरे नंबर पर होगी।
