केंद्रीय सेवाओं में जाटों को आरक्षण नहीं मिला तो होगी आरपार की लड़ाई

- सहारनपुर में जाट समाज की सेमिनार को सम्बोधित करता वक्ता।
सहारनपुर [24CN]। जाट आरक्षण संघर्ष समिति के तत्वावधान में आयोजित सेमिनार में जाट संगठनों के प्रतिनिधियों ने केंद्रीय सेवाओं में जाट बिरादरी को आरक्षण दिलाने की मांग की तथा आरक्षण नहीं मिलने की स्थिति में आरपार की लड़ाई लडऩे का संकल्प लिया।
स्थानीय दिल्ली रोड स्थित एक वैंकट हॉल में आयोजित सेमिनार को सम्बोधित करते हुए जाट आरक्षण संघर्ष समिति के राष्ट्रीय संयोजक नीरपाल सिंह ने कहा कि जाट समाज को केंद्र व अन्य राज्यों में आरक्षण को लेकर मजबूती के साथ लड़ाई लडऩे का काम किया जाएगा। मुख्य अतिथि चौ. बलजोर सिंह व चौ. ओमप्रकाश धनकर ने कहा कि केंद्र सरकार ने जाट बिरादरी को केंद्रीय सेवाओं में आरक्षण दिया था। दुर्भाग्यवश आरक्षण समाप्त कर दिया गया जिससे पूरे जाट समुदाय में रोष व्याप्त है। उन्होंने कहा कि आरक्षण समाप्त होने से युवाओं में बेरोजगारी का संकट खड़ा हो गया है जिससे युवा दिशाहीन हो रहा है। आर्थिक संकट व शिक्षा में पिछडऩा इसका मुख्य कारण है। इसलिए केंद्र सरकार जल्द से जल्द जाट समाज को केंद्रीय सेवाओं में आरक्षण देने का काम करे। सेमिनार की अध्यक्षता चौ. राजवीर सिंह मुंडेट व संचालन राष्ट्रीय संयोजक चौ. नीरपाल सिंह ने किया।
सेमिनार में राष्ट्रीय जाट चेतना मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. वीरपाल, राष्ट्रीय महासचिव चौ. हर्षभान उत्तराखंड, चौ. धर्मपाल चेयरमैन रमाला, चौ. मित्तर पाल पिन्न, डा. जसवीर कालखंडे, चौ. विनोद खेड़ा चेयरमैन, प्रदेश उपाध्यक्ष चौ. सतीश एडवोकेट, चौ. अजय पंवार भैंसवाल, रणधीर पानू पानीपत, डा. कुलदीप, डा. नीलू राणा, मुकेश चौधरी, चौ. अरविंद मलिक आदि ने सम्बोधित किया।