‘कांग्रेस से मेरी ‘मजबूरी की शादी’ हुई थी, लेकिन मुझे ‘तलाक’ लेना पड़ा’, खरगे को देवेगौड़ा ने दिया जवाब

‘कांग्रेस से मेरी ‘मजबूरी की शादी’ हुई थी, लेकिन मुझे ‘तलाक’ लेना पड़ा’, खरगे को देवेगौड़ा ने दिया जवाब

हमें प्यार किया और शादी मोदीजी से कर ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने राज्यसभा से विदाई के वक्त कहा जिसपर पीएम मोदी को हंसी आ गई। अब देवेगौड़ा ने खरगे को उसी अंदाज में जवाब दिया है। जानें क्या कहा है?

New Delhi : भारत के पूर्व प्रधानमंत्री और जनता दल (सेकुलर) के अध्यक्ष एचडी देवेगौड़ा ने एक बयान जारी किया है। बयान में कहा गया है, “मेरे प्रिय और पुराने मित्र मल्लिकार्जुन खर्गे ने आज संसद में हल्के-फुल्के अंदाज़ में टिप्पणी की कि मैं कांग्रेस से ‘प्यार’ करता था, लेकिन अंततः मोदी जी (भाजपा) से ‘शादी’ कर ली। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें इसका कारण नहीं पता… अगर मुझे अपने मित्र को शादी की भाषा में ही जवाब देना हो, तो मैं कहना चाहूंगा कि कांग्रेस से मेरी ‘मजबूरी की शादी’ हुई थी, लेकिन मुझे उनसे ‘तलाक’ लेना पड़ा क्योंकि यह एक अपमानजनक रिश्ता था… मैंने कांग्रेस गठबंधन नहीं छोड़ा। वे ही मुझसे दूर चले गए। उन्होंने मुझे उनसे ‘तलाक’ लेने और अधिक स्थिर गठबंधन तलाशने के अलावा कोई विकल्प नहीं छोड़ा…”

खरगे ने कही ऐसी बात, पीएम मोदी को आई हंसी

राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने बुधवार को सदन में अपने विदाई भाषण के दौरान पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा पर कटाक्ष करते हुए अपने सहयोगियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। अपने विदाई भाषण में खरगे ने कहा कि वे दिग्गज नेता को 54 वर्षों से अधिक समय से जानते थे और पूर्व प्रधानमंत्री की पार्टी के भाजपा के साथ गठबंधन से पहले उनके साथ मिलकर काम किया था। “मैं देवेगौड़ा जी को 54 साल से भी ज्यादा समय से जानता हूं और मैंने उनके साथ बहुत काम किया है। बाद में, मुझे नहीं पता क्या हुआ… वो मोहब्बत हमारे साथ की, शादी मोदी साहब के साथ,” खरगे ने कहा, जिस पर साथी सांसदों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हंसी आ गई। बता दें कि साल 1996 में देवे गौड़ा कांग्रेस समर्थित संयुक्त मोर्चा सरकार के प्रमुख के रूप में प्रधानमंत्री बने थे, जो कांग्रेस से गठबंधन के एक महत्वपूर्ण चरण का प्रतीक था। कर्नाटक में, उनकी पार्टी, जेडी(एस), बाद में कांग्रेस के साथ गठबंधन और विपक्ष में बारी-बारी से काम करती रही।


Leave a Reply