मेरा नहीं है किसी से भी कोई मुकाबला, भजापा की जीत निश्चित: वंदना

मेरा नहीं है किसी से भी कोई मुकाबला, भजापा की जीत निश्चित: वंदना
भाजपा प्रत्याशी वंदना वर्मां

सहारनपुर [24CN]। मुजफ्फरनगर- सहारनपुर स्थानीय प्राधिकारी सीट की भाजपा प्रत्याशी वंदना वर्मा ने कहा कि केंद्र व उत्तर प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं व भाजपा की नीतियों के बल पर भारतीय जनता पार्टी विधान परिषद चुनाव में भी अपना परचम लहराएगी। उन्होंने कहा कि उनका मुकाबला किसी से नहीं है क्योंकि सहारनपुर- मुजफ्फरनगर सीट पर भाजपा की जीत सुनिश्चित है।

भाजपा प्रत्याशी वंदना वर्मा आज यहां कलक्ट्रेट में अपना नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद पत्रकारों से वार्ता कर रही थी। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सबका साथ-सबका विकास व सबका विश्वास की भावना के अनुरूप काम कर रही है। यही कारण है कि भाजपा की प्रदेश व केंद्र सरकार ने जाति व धर्म की भावनाओं से ऊपर उठकर प्रत्येक पात्र व्यक्ति को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का काम किया है।

उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता स्वयं को प्रत्याशी मानकर चुनाव की तैयारियों में जुट जाए ताकि सहारनपुर-मुजफ्फरनगर सीट पर भाजपा को सर्वाधिक मतों से विजयी बनाया जा सके। इस दौरान भाजपा के सहारनपुर जिलाध्यक्ष डा. महेंद्र सैनी, महानगर अध्यक्ष राकेश जैन, मुजफ्फरनगर जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला, मु.नगर जिला प्रभारी डा. सतेंद्र सिसौदिया समेत सहारनपुर मंडल के सभी नवनिर्वाचित विधायक व पूर्व विधायक मौजूद रहे।