‘मैं तो यूपी आना नहीं चाहती थी लेकिन…’, पूर्व सैन्य अधिकारी शरमा सिद्दीकी ने की CM योगी की तारीफ
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार (29 मार्च) को लोकभवन लखनऊ में डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के अंतर्गत नर्सिंग ऑफिसर्स को नियुक्ति पत्र सौंपे. इस दौरान नियुक्ति पत्र पाने वाली पूर्व सैन्य अधिकारी शरमा सिद्दीकी ने संवाद के जरिए अपनी बात रखी.
नवनियुक्त नर्सिंग अधिकारी शरमा सिद्दीकी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा पारदर्शिता अपनाने का नतीजा ये है कि मेरे जैसे मेहनत करने वाले लोगों को आज रोजगार मिल पाया. मैं पहले आर्मी में थी, वहां से वीआरएस लेकर मैंने यूपी में आने का सोचा लेकिन पहले मैं डरती थी यूपी के नाम से, जबसे आप आए हैं तबसे मेरे अंदर भी हिम्मत आई.
कार्यक्रम के दौरान क्या बोलीं शरमा सिद्दीकी?
शरमा सिद्दीकी ने सीएम योगी से संवाद के दौरान कहा कि मैं भगवान की सचमुच आभारी हूं कि उन्होंने मुझे आप सबके सामने खड़े होने और योगी सर से अपना नियुक्ति पत्र प्राप्त करने का यह यह मौका दिया. इस चयन के लिए आपका धन्यवाद. यह चयन RML संस्थान के जरिए पूरा हो पाया है.
उन्होंने सीएम योगी से आगे कहा कि आपने पूरी तरह से पारदर्शिता बनाए रखी है, जिसकी बदौलत हमारी कड़ी मेहनत के सार्थक परिणाम सामने आए हैं. मैं सचमुच आपकी बहुत तारीफ करती हूं.
सेना में रह चुकी हैं शरमा सिद्दीकी
शरमा सिद्दीकी ने बताया कि पहले सेना में सेवा देने के बाद जब मैं सेवामुक्त हुई थी. उस समय मेरा उत्तर प्रदेश में बसने का कोई इरादा नहीं था, क्योंकि इस राज्य के बारे में मेरे मन में कुछ गलत धारणाएं थीं. हालांकि, इन बीते वर्षों में, इस राज्य ने सचमुच बहुत तरक्की की है.
उन्होंने आगे कहा कि बेहद खूबसूरती और शानदार तरीके से प्रदेश तरक्की की राह पर है. हमारा शहर भी खूब फल-फूल रहा है. इसलिए, आपका बहुत-बहुत धन्यवाद. मैं आप सभी के भविष्य के लिए अपनी शुभकामनाएं देना चाहुंगी.
अब शरमा सिद्दीकी का यह बयान हर तरफ चर्चा में हैं. सीएम योगी की तारीफ करते हुए उन्होंने सरकार के कानून व्यवस्था की भी तारीफ की. साथ ही परीक्षा में पारदर्शिता को भी सराहा है.
