सोते समय पति पर पत्थर से हमला, घायल

- पीडित ने पुलिस को दी तहरीर, सास-ससुर पर लगाया पत्नी का साथ देने का आरोप
देवबंद [24CN]। मोहल्ला शाहबुखारी निवासी आलम ने पुलिस को तहरीर देकर पत्नी, सास और ससुर पर आरोप लगाया कि उन्होंने जान से मारने की नीयत से सोते समय उस पर पत्थर से हमला किया। जिसमें वह घायल हो गया। शोर मचाने पर आरोपी वहां से फरार हो गए।
शनिवार को पुलिस को दी तहरीर में आलम ने बताया कि कई वर्ष पूर्व उसकी शादी देवबंद के एक मोहल्ला निवासी युवती के साथ हुई थी। शादी के बाद उसके तीन बच्चे भी हुए। आरोप लगाया कि पिछले काफी समय से पत्नी मायके वालों के कहने में आकर अकारण उसके साथ झगड़ा करती है। शनिवार को वह अपने जीजा के घर में एक दोस्त के साथ सो रहा था। इसी दौरान पत्नी, सास और ससुर वहां पहुंचे और उस पर पत्थर से हमला कर दिया। जिसमें वह घायल हो गया। उसने शोर मचाया तो वह जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पीडित ने पुलिस से कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।