कांग्रेस छोड़कर सैकड़ों लोगों ने थापा सपा का दामन

कांग्रेस छोड़कर सैकड़ों लोगों ने थापा सपा का दामन
  • सहारनपुर में सपा के कार्यक्रम को सम्बोधित करते जिलाध्यक्ष चौ. रूद्रसैन।

सहारनपुर। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष चौ. रूद्रसैन के समक्ष कांग्रेस के पूर्व जिला महासचिव सुरेश पुंडीर ने अपने समर्थकों के साथ समाजवादी पार्टी की नीतियों में आस्था जताते हुए सपा में शामिल होने की घोषणा की।सहारनपुर देहात विधानसभा क्षेत्र के गांव पुंवारका में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस के पूर्व जिला महासचिव सुरेश पुंडीर ने सपा जिलाध्यक्ष चौ.रूद्रसैन के समक्ष सपा की सदस्यता ग्रहण की। सपा जिलाध्यक्ष चौ. रूद्रसैन ने सुरेश पुंडीर के नेतृत्व में सपा में शामिल होने वाले लोगो का माल्यार्पण कर स्वागत किया।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए सपा जिलाध्यक्ष चौ.रूद्रसैन ने कहा कि आज जिन लोगों ने सपा की नीतियों में आस्था जताते हुए सदस्यता ग्रहण की है,उन्हें पार्टी मान सम्मान दिलाने का काम किया जायेगा। उन्होंने कहा कि आज सपा ही राष्ट्रीय अखिलेश यादव के निर्देशानुसार जनता के हितों की लडाई बडी मजबूती के साथ लडने का काम कर रही है, जबकि अन्य पार्टी जनता की उम्मीदों पर चुप्पी साधे हुए है।

उन्होंने कहा कि केन्द्र व उत्तर प्रदेश सरकार की गलत नीतियों के चलते महंगाई चरम सीमा पर है। आम आदमी को दो जून की रोटी जुटाना भी दूभर हो गया है। पेट्रोल डीजल व रसोई गैस के मूल्यों की वृद्धि की मार आम आदमी पर पड़ रही है। उन्होंने कहा कि सपा किसी भी सूरत में जनता का शोषण नहीं होने देगी तथा महंगाई के खिलाफ सडकों पर उतरकर संघर्ष करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा पिछले चार वर्षों से गन्ने का समर्थन मूल्य न बढाना व केन्द्र की भाजपा सरकार द्वारा तीन कृषि कानून लागू करना भाजपा की किसानों को बर्बाद करने की साजिश है,जिसे देश का अन्नदाता किसान समझ चुका है तथा आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को सबक सिखाने का काम करेगा। पूर्व मंत्री सरफराज खान, उत्तर प्रदेश राज्य परिवहन निगम के पूर्व निदेशक व वरिष्ठ सपा नेता पूर्व जिलाध्यक्ष चौ.कटार सिंह व कान सिंह राणा ने कहा कि चौ. रूद्रसैन के नेतृत्व में पार्टी बड़ी मजबूती के साथ काम कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वह त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं ताकि अधिक से अधिक सीटों पर सपा प्रत्याशियों को जिताकर जिला पंचायत चेयरमैन व ब्लाक प्रमुखों के पदों पर अधिक से अधिक सपा प्रत्याशियों को बैठाया जा सके।

कांग्रेस छोड़कर सपा में शामिल हुए सुरेश पुंडीर ने कहा कि सपा ही जनता की समस्याओं को लेकर सडक से लेकर संसद तक मजबूती के साथ लडाई लड रही हैं, जिसके चलते उन्होंने सपा की नीतियों से प्रभावित होकर पार्टी में शामिल होने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि वह पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का काम करेंगे। इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष चौधरी रुद्रसैन प्रतिनिधि चौधरी प्रवीन बांदूखेडी, जिला मीडिया प्रभारी राव वजाहत, कमलजीत प्रधान संजय बहरामपुरा संदीप उर्फ अच्छन यादव, नागेन्द्र राणा, सपा एससी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष आकाश पंवार खटीक, मा. राजवीर यादव, अहसान प्रधान, हनीफ तेली, चंद्रशेखर, चंद्रशेखर राणा, राव फिरासत, वीरसैन चौधरी समेत भारी संख्या में सपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।