सैंकड़ों लोगों ने थामा सपा का दामन

- सहारनपुर में सपा में शामिल होने की घोषणा करते वाल्मीकि समाज के महिला व पुरूष।
सहारनपुर [24CN] । सपा व्यापार सभा के प्रदेशाध्यक्ष व नगर विधायक संजय गर्ग के समक्ष वाल्मीकि समाज के सैंकड़ों महिला व पुरूषों ने समाजवादी पार्टी की नीतियों में आस्था जताते हुए सपा में शामिल होने की घोषणा की जिनका नगर विधायक संजय गर्ग ने माल्यार्पण करके स्वागत किया। स्थानीय चकरौता रोड स्थित अपने आवास पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए नगर विधायक संजय गर्ग ने कहा कि केंद्र व उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल है तथा अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए विपक्षी दलों के नेताओं व कार्यकर्ताओं का दमन व उत्पीडऩ करने में लगी हुई है जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा का विकास से कोई लेनादेना नहीं है। भाजपा का मकसद केवल जनता को आपस में लड़ाकर अपना स्वार्थ पूरा करना है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के शासनकाल में चलाई गई जनकल्याणकारी योजनाओं को भाजपा ने बंद कर दिया है जिससे भारतीय जनता पार्टी की गरीब व मजदूर विरोधी मानसिकता उजागर हो गई है। उन्होंने कहा कि सपा ही देश व प्रदेश का विकास करने में सक्षम है। इसलिए आगामी विधानसभा चुनाव में सपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने की आवश्यकता है। इसलिए कार्यकर्ता अभी से चुनावों की तैयारियों में जुट जाएं ताकि भाजपा का सूपड़ा साफ किया जा सके। उन्होंने कार्यकर्ताओं को आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों की तैयारियों में जुटने के निर्देश दिए। इस दौरान सपा महानगर अध्यक्ष मोहम्मद आजम शाह, हरपाल वर्मा, गुलशन कपूर, शाहनवाज चांद, मुस्तकीम राणा, परीक्षित वर्मा, हरपाल वर्मा, अभिषेक अरोड़ा टिंकू, राहुल शर्मा आदि सहित भारी संख्या में सपाई मौजूद रहे।