सैंकड़ों दलितों ने थामा समाजवादी पार्टी का दामन

सैंकड़ों दलितों ने थामा समाजवादी पार्टी का दामन
  • सहारनपुर में सपा एससी/एसटी प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र देते जिलाध्यक्ष चौ. रूद्रसैन।

सहारनपुर [24CN]। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष चौ. रूद्रसैन के समक्ष दलित समाज के सैंकड़ों लोगों ने सपा की नीतियों में आस्था जताते हुए पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। सपा एससी/एसटी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष आकाश खटीक ने राजकुमार राणा व प्रवीण गौतम को जिला उपाध्यक्ष नियुक्त करने की भी घोषणा की।

स्थानीय अम्बाला रोड स्थित सपा जिला कार्यालय पर आयोजित जिलाध्यक्ष चौ. रूद्रसैन के समक्ष एससी/एसटी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष आकाश खटीम के नेतृत्व में दलित समाज के सैंकड़ों लोगों ने विभिन्न दलों को छोडक़र सपा में शामिल होने की घोषणा की।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए सपा जिलाध्यक्ष चौ. रूद्रसैन ने कहा कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में पार्टी का जनाधार तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने हाईकमान के निर्देशानुसार सभी बूथों पर एक बूथ-20 यूथ की कमेटी गठित करने के निर्देश दिए ताकि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत सुनिश्चित की जा सके क्योंकि बूथ कमेटियां ही चुनाव में जीत का आधार होती हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीतियों व सिद्धांतों का घर-घर जाकर प्रचार-प्रसार करने का आह्वान किया।

सपा एससी/ एसटी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष आकाश खटीक ने कहा कि दलित समाज का हित सपा में ही सुरक्षित है क्योंकि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली सपा सरकार के कार्यकाल में दलितों के हित में अनेक कल्याणकारी योजनाएं लागू करने का काम किया गया है। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में सपा प्रत्याशियों को विजयी बनाने के लिए चुनावी तैयारियों में जुटने की अपील भी की।

युवा नेता पुष्पेंद्र चौधरी ने कहा कि भाजपा के शासन में समाज का प्रत्येक वर्ग दु:खी है क्योंकि भाजपा को केवल पूंजीपतियों की चिंता है। आम जनता के दु:ख-दर्द से उसे कोई सरोकार नहीं है। ऐसी स्थिति में सपा ही भाजपा का एकमात्र बेहतर विकल्प है।

कार्यक्रम में एससी/एसटी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष आकाश खटीक ने राजकुमार राणा व प्रवीण गौतम का जिला उपाध्यक्ष, अनूप, सीताराम व अंशुल को जिला सचिव, ओमवीर सिंह को देहात विधानसभा अध्यक्ष, गंगादास व मुनेश को जिला कार्यकारिणी सदस्य बनाने की भी घोषणा की।

कार्यक्रम को जिला उपाध्यक्ष बिजेंद्र खटीक, जैलसिंह लाम्बा, प्रवीण गौतम व उदयवीर कश्यप ने भी सम्बोधित किया। इस दौरान जिला मीडिया प्रभारी राव वजाहत, प्रवीण बांदूखेड़ी, संदीप उर्फ अच्छन यादव, महजबी खान, रामनाथ, सोनू, हसीन कुरैशी, वेदपाल पटनी, अंकुश आदि सैंकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।