सपा नेता द्वारा त्यागी समाज को महिला विरोधी बताने पर त्यागी समाज में भारी रोष
- पुलिस पर त्यागी समाज के व्यक्ति के उत्पीडन का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
देवबंद [24CN]: त्यागी सभा देवबंद ने प्रदेश के मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर पुलिस पर त्यागी समाज के व्यक्ति के परिवार का उत्पीडन करने का आरोप लगाया। साथ ही सपा नेता पर त्यागी समाज के खिलाफ अभद्र टिप्पणी का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
सोमवार को एसडीएम कार्यालय पर पहुंचे त्यागी सभा के दर्जनो कार्यकर्ताओं ने सभा के अध्यक्षा विनय त्यागी के नेतृत्व में एसडीएम दीपक कुमार के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक ज्ञापन भेजकर पुलिस पर त्यागी समाज के व्यक्ति श्रीकांत त्यागी के परिवार के साथ अमानवीय व्यवहार करने आरोप लगाया।
ज्ञापन में कहा गया कि त्यागी समाज का एक व्यक्ति श्रीकांत त्यागी नोयडा में परिवार सहित रहता है। सोशल मिडिया पर एक आधी अधुरी फिल्म दिखाकर उसको महिला विरोधी बताया गया है तथा बिना जांच किए ही पुलिस द्वारा श्रीकांत त्यागी के परिवार के साथ अमानीवय व्यवहार किया जा रहा है तथा उसकी पत्नी को थाने में बैठा रखा है जिससे उसके बच्चे दहशत में है। इस प्रकरण से त्यागी समाज भारी रोष है। ज्ञापन में मांग की गई कि इस प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा जिन पुलिस कर्मीयों ने श्रीकांत के परिवार को प्रताडित किया है उनके विरूद्ध कानूनी कार्रवाई की जाए।
वही, टीवी चैनल पर सपा नेता सुनील यादव द्वारा त्यागी समाज को महिला विरोधी बताते हुए की गई टिप्पणी को लेकर त्यागी समाज में भारी रोष व्यक्त है। त्यागी सभा देवबंद ने सीओं रामकरण सिंह को सपा नेता के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन देने वालो में जसबीर सिंह, जनार्दन त्यागी, अभिषेक त्यागी, दीपक त्यागी, सुशील त्यागी, प्रमोद त्यागी, आशीष त्यागी, सहित त्यागी समाज के लोग शामिल रहे।
