द्वारका में साहिल को कार से कुचलने का खौफनाक VIDEO आया सामने, उजड़ गई मां की दुनिया

द्वारका में साहिल को कार से कुचलने का खौफनाक VIDEO आया सामने, उजड़ गई मां की दुनिया

नई दिल्ली। राजधानी में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 23 वर्षीय साहिल धनेशरा की मौत के मामले में अब एक नया वीडियो सामने आया है, जिसने हादसे को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। यह वीडियो उसी स्कॉर्पियो एसयूवी के अंदर शूट किया गया था, जो दुर्घटना में शामिल थी।

हादसे वाले दिन बनाई गई इस रील में नाबालिग चालक तेज रफ्तार में स्कॉर्पियो दौड़ाता दिख रहा है। सड़क पर डिवाइडर नहीं है और वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि तेज गति से चल रही गाड़ी एक बस से बाल-बाल बचती है।

सामने की सीट पर बैठी एक लड़की पर्स हाथ में लेकर वीडियो बनाती नजर आ रही है। बताया जा रहा है कि वीडियो बना रही लड़की आरोपी नाबालिग की बहन है। हालांकि, इस वीडियो से दुर्घटना के समय गाड़ी की सटीक रफ्तार का पता नहीं चल पाया है।

पोस्टमार्टम में सामने आई भयावहता

यह भीषण हादसा 3 फरवरी को सुबह 11:57 बजे द्वारका साउथ थाना क्षेत्र में लाल बहादुर शास्त्री कॉलेज के पास हुआ था। मौके पर पहुंची पुलिस को स्कॉर्पियो, एक स्विफ्ट डिजायर टैक्सी और साहिल की मोटरसाइकिल के बीच टक्कर के बाद कई वाहनों के आपस में टकराने का मंजर मिला।

इससे पहले सामने आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने हादसे की भयावहता को और स्पष्ट कर दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक साहिल की मौत अत्यधिक रक्तस्राव (हेमरेज) के कारण हुई। सिर के बाईं ओर खोपड़ी में फ्रैक्चर और स्कैल्प के नीचे खून का थक्का पाया गया।

रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि अंदरूनी चोटें बेहद गंभीर थीं। फेफड़ों को नुकसान पहुंचा था और दिमाग में सूजन पाई गई। डॉक्टरों के अनुसार ये सभी चोटें सड़क हादसे के अनुरूप हैं।

मृत्यु का कारण क्रेनियो-सेरेब्रल इंजरी के चलते हुआ हेमरेजिक शॉक बताया गया है। साथ ही दाहिने हाथ और शरीर के अन्य महत्वपूर्ण अंगों को भी नुकसान पहुंचा था।

पोस्टमार्टम में सिर और छाती पर कई गंभीर चोटों की पुष्टि हुई है। बाईं ओर की चौथी, पांचवीं और छठी पसलियां टूटी हुई मिलीं। दोनों फेफड़ों की झिल्लियों में करीब 100 मिलीलीटर खून पाया गया, जो गंभीर अंदरूनी चोट का संकेत है।

दिमाग में खून के थक्के और सूजन मिली

सिर के बाएं हिस्से में सबस्कैल्प हेमेटोमा और टेम्पोरो-पैरिएटल क्षेत्र में खोपड़ी की हड्डी टूटना दर्ज किया गया। इसके अलावा दिमाग में बड़े स्तर पर सबड्यूरल हेमेटोमा, खून के थक्के और सूजन पाई गई।

मुंह के भीतर भी खून के थक्के मिले, जो गंभीर चोटों की पुष्टि करते हैं। यह पूरी रिपोर्ट साफ तौर पर बताती है कि साहिल की मौत अत्यंत गंभीर सिर और छाती की चोटों के कारण हुई।

इस मामले में सामने आया वीडियो अब जांच का अहम हिस्सा बन सकता है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसे के समय गाड़ी की रफ्तार और परिस्थितियां क्या थीं।


Leave a Reply