हर्षोल्लास के साथ मनाया गया होली पर्व, जनपद में छाई रंगों की खुमारी
- सहारनपुर में होली पर्व पर एक दूसरे गुलाल व रंग लगाते महिला व पुरूष।
सहारनपुर। आपसी भाईचारे और प्रेम का प्रतीक रंगों का पर्व होली जनपद में हर्षोल्लास और नई उमंग के साथ मनाया गया। सुबह से ही लोगों में त्योहार को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। घरों में तरह-तरह के व्यंजन बनाए गए और लोगों ने एक-दूसरे के घर पहुंचकर अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। गली-मोहल्लों में डीजे की धुन पर युवाओं ने जमकर नृत्य किया। कई स्थानों पर लोगों ने अपने घरों पर ही डीजे की व्यवस्था कर रंगोत्सव का आनंद लिया। चाट, पकौड़ी, गुजिया और शीतल पेय पदार्थों के साथ लोगों ने होली का लुत्फ उठाया। अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी अपने-अपने आवासों पर आयोजित कार्यक्रमों में शामिल हुए। देर शाम तक पूरे जनपद में रंगों की खुमारी छाई रही। हालांकि कुछ स्थानों पर मामूली कहासुनी की घटनाएं सामने आईं, लेकिन कुल मिलाकर पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। होली (दुल्हेंडी) पर्व के दृष्टिगत जनपद में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चैबंद रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने देवबंद, नानौता और गंगोह थाना क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। प्रमुख चैराहों, बाजारों और संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी गई। ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। साथ ही त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अराजकता, हुड़दंग या कानून-व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त करते रहे। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पैदल गश्त और वाहन चेकिंग अभियान भी चलाया गया। पुलिस प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की कि होली का पर्व आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। पुलिस की सक्रियता के चलते जनपद में होली का त्योहार शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न हुआ।
