परम्परागत ढंग से मनाया होली का त्यौहार
सहारनपुर। जनपद में आपसी सौहाद्र्र व भाईचारे का प्रतीक होली पर्व परम्परागत ढंग से बड़ी उमंग व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। श्रद्धालुओं द्वारा विधिविधान के साथ होलिका पूजन कर अपनी व अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
भारतीय संस्कृति में आपसी प्रेम, सौहाद्र्र व अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक होली पर्व बड़ी उमंग व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। फाल्गुन मास की पूर्णिमा तिथि को मनाए जाने वाले होली के त्यौहार पर श्रद्धालुओं में सुबह से उत्साह दिखाई दिया। दिन निकलते ही श्रद्धालुओं द्वारा जिले में जगह-जगह प्रतीकात्मक रूप से होली सजाई गई। तत्पश्चात महिलाओं द्वारा अपने बच्चों के साथ होलिका पर पहुंचकर विधिविधिान के साथ अपनी व अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
छोटे-छोटे बच्चे अपने परिजनों के साथ रंग-बिरंगे वस्त्र व गले में होली के हार पहनकर पूजन के लिए पहुंचे तथा पूजा के उपरांत होली की परिक्रमा भी की गई। देर शाम विधिविधान के साथ होलिका का दहन किया गया। उधर होली पर्व पर जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए थे। जनपद के सभी स्थानों जहां होलिका दहन किया जाता है। एसएसपी के निर्देश पर विशेष रूप से पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति का सामना न करना पड़े।