दुमका कांड के विरोध में हिंजामं ने सौंपा ज्ञापन
- सहारनपुर में नगर मैजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपने जाते हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारी।
सहारनपुर [24CN]। हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने झारखंड के दुमका में मनचले युवक द्वारा नाबालिग छात्रा अंकिता सिंह को जिंदा जलाने की घटना के विरोध में प्रधानमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन नगर मैजिस्ट्रेट को सौंपकर आरोपी को कठोर से कठोर सजा दिलाए जाने की मांग की।
हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ता महानगर अध्यक्ष अनिल अरोड़ा के नेतृत्व में एकत्र होकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे जहां उन्होंने झारखंड के दुमका में मनचले युवक द्वारा 17 साल की बारहवीं की छात्रा अंकिता सिंह को जिंदा जलाए जाने की घटना के विरोध में ज्ञापन सौंपा। इस दौरान हिंजामं के महानगर अध्यक्ष अनिल अरोड़ा ने कहा कि यह कृत्य मानवता को शर्मसार करने वाला और असहनीय है। इससे पूरा हिंदू समाज आक्रोशित है।
उन्होंने मांग की कि अंकिता सिंह को जलाकर मारने वाले आरोपी शाहरूख को अविलम्ब फांसी की सजा दिलाई जाए और ऐसा कृत्य करने वालों के खिलाफ कठोर कानून बनाया जाए ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति करने की हिम्मत न जुटा सके। प्रतिनिधिमंडल में अश्विनी शर्मा, कुलदीप, धर्मपाल कश्यप, रजत गोयल, अपनेश चौहान, राधेश्याम पुंडीर, बीरसिंह चौहान, संजीव पाल, प्रदीप ठाकुर, प्रवेश धवन, दीपक कश्यप, रामपाल आदि शामिल रहे।
