गणतंत्र दिवस पर गुंटूर के जिन्ना टावर पर तिरंगा फहराने की कोशिश नाकाम, हिरासत में लिए गए हिंदू वाहिनी के कार्यकर्ता

गणतंत्र दिवस पर गुंटूर के जिन्ना टावर पर तिरंगा फहराने की कोशिश नाकाम, हिरासत में लिए गए हिंदू वाहिनी के कार्यकर्ता
  • आंध्र प्रदेश के गुंटूर शहर के कोथापेट में गणतंत्र दिवस पर निषेधाज्ञा का उल्लंघन कर जिन्ना टावर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने की कोशिश करने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

अमरावती। आंध्र प्रदेश के गुंटूर शहर के कोथापेट में गणतंत्र दिवस पर निषेधाज्ञा का उल्लंघन कर जिन्ना टावर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने की कोशिश करने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। क्षेत्र में बुधवार को उस वक्त काफी तनाव हो गया, जब हिंदू वाहिनी संगठन से जुड़े कुछ लोगों ने शहर के जिन्ना टावर सेंटर तक मार्च करने और तिरंगा फहराने की कोशिश की। उन्हें रोकने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था।

पिछले कुछ समय से, भाजपा और अन्य हिंदू संगठन मांग कर रहे हैं कि गुंटूर में स्वतंत्रता से पहले के इस जिन्ना टावर का नाम बदल दिया जाए। उन्होंने धमकी दी कि अगर जगन मोहन रेड्डी सरकार ने उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो वे इसे ध्वस्त कर देंगे। धमकी को देखते हुए के लिए वहां पुलिस की तैनाती की गई। पुलिस ने निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने वाले तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

इसके बाद गुंटूर के अधिकारियों ने जिन्ना टॉवर पर पुलिस को किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए तैनात किया, जो संभावित रूप से सांप्रदायिक तनाव को भड़का सकती थी। हिन्दू वाहिनी ने गणतंत्र दिवस पर जिन्ना टॉवर पर तिरंगा फहराने का आह्वान किया और इसका नाम बदलने के लिए दबाव डाला। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि संगठन से जुड़े कुछ युवकों ने अपनी हरकत को अंजाम देने के लिए टावर तक मार्च करने की कोशिश की लेकिन हमने इसे नाकाम कर दिया। उन्होंने कहा कि शांति भंग करने की कोशिश करने वाले युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा।