हिंदू समाज हमेशा रहेगा सिख गुरूओं का ऋणी: सूर्यकांत

हिंदू समाज हमेशा रहेगा सिख गुरूओं का ऋणी: सूर्यकांत
  • सहारनपुर में हिंदू जागरण मंच के कार्यक्रम का दृश्य।

सहारनपुर [24CN]। हिंदू जागरण मंच के प्रांत सम्पर्क प्रमुख ठा. सूर्यकांत सिंह ने कहा कि हिंदू समाज का बड़ा पुत्र ही परम्परा के अनुसार धर्म की रक्षा के लिए सिख बनता था। इसलिए अपने महान पूर्वजों के प्रति कृतज्ञता प्रकट करना व आक्रांताओं के अत्याचारों का स्मरण करना प्रत्येक हिंदू का दायित्व है।

ठा. सूर्यकांत सिंह हिंदू जागरण मंच के तत्वावधान में चलाए जा रहे बलिदानी सप्ताह वार्षिक कार्यक्रम के तहत चिलकाना रोड स्थित गुरूद्वारा बड़कली में गुरू गोविंदसिंह महाराज के साहिबजादों की स्मृति में आयोजित श्रद्धांजलि सभा को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 21 से 27 दिसम्बर के मध्य चमकोर साहिब की लड़ाई में बाबा जुझार सिंह व अजित सिंह का बलिदान धर्म की रक्षा के लिए हुआ। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज सिख गुरूओं का ऋणी है। उनके त्याग, बलिदान व संघर्ष के कारण ही विधर्मी आक्रांताओं व लुटेरों से हिंदुओं की रक्षा हो सकी।

उन्होंने कहा कि जिस प्रकार क्रूर ओरंगजेब ने गुरू गोविंद सिंह महाराज के साहिबजादों को अमानवीय यातना देते हुए जिंदा दीवार में चिनवा दिया जो बलिदान का एक उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि सिखों को बड़े भाई का दर्जा है क्योंकि परम्परा के अनुसार हिंदू समाज का बड़ा पुत्र ही धर्म की रक्षा के लिए सिख बनता था। इस अवसर पर महंत मदनदास, अनिल अरोड़ा, हर्ष डाबर, मांगेराम त्यागी, प्रदीप ठाकुर, रजत गोयल, अश्विनी शर्मा, गौरव आदि मौजूद रहे।