shobhit University Gangoh
 

गाय के अवशेष मिलने पर भड़का आक्रोश, हिंदू संगठनों ने लगाया जाम

गाय के अवशेष मिलने पर भड़का आक्रोश, हिंदू संगठनों ने लगाया जाम
  • सहारनपुर में गांव इस्माइलपुर में घटनास्थल पर मौजूद भीड़।

सहारनपुर। थाना कुतुबशेर क्षेत्रांतर्गत गांव इस्माइलपुर के निकट गोवंश कटान की सूचना मिलने से क्षेत्र में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। मौके पर गाय के कुछ अवशेष मिलने के बाद गौ रक्षक दल व हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता भारी संख्या में एकत्र हो गए और अवशेष सड़क पर रखकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया।

प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। धरना-प्रदर्शन के चलते मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया और कई घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर जिले के करीब दस थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। साथ ही कई सीओ भी घटनास्थल पर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर स्थिति को नियंत्रित किया, तब कहीं जाकर धरना किया गया।

क्षेत्राधिकारी अमित कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि थाना कुतुबशेर क्षेत्र के इस्माइलपुर गांव में अवशेष मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। मौके पर जेसीबी मशीन मंगवाकर गड्ढा खुदवाया गया और अवशेषों को विधिवत रूप से दबाया गया है। हिंदू संगठनों द्वारा दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की गई है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है। सभी पक्षों को समझा दिया गया है। इस घटना में जो भी लोग शामिल पाए जाएंगे, उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। फिलहाल एहतियातन पुलिस बल तैनात कर स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Jamia Tibbia