हिमंत बिस्वा सरमा ने कांग्रेस पर साधा निशाना, कहा- राहुल गांधी ने भारतीय संसद का किया अपमान

हिमंत बिस्वा सरमा ने कांग्रेस पर साधा निशाना, कहा- राहुल गांधी ने भारतीय संसद का किया अपमान

कोप्पल। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने रविवार को कर्नाटक में एक रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने अपनी लंदन यात्रा के दौरान अपनी टिप्पणी से विदेशी धरती पर भारतीय संसद का अपमान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी दुनिया के किसी भी देश में जाते हैं तो वह अपनी मातृभूमि की तारीफ करते हैं।

राहुल गांधी ने लंदन में भारत को किया बदनाम

चुनावी राज्य कर्नाटक के कोप्पल क्षेत्र के गंगावती में रविवार को एक ‘विजय संकल्प’ रैली में बोलते हुए उन्होंने कहा कि पीएम मोदी कर्नाटक और देश के बाकी हिस्सों के विकास के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि पीएम मोदी जब अमेरिका या फिर लंदन की यात्रा करते हैं तो वह हमारे देश की प्रशंसा करते है। हालांकि जब राहुल गांधी लंदन गए तो उन्होंने हमारी संसद को गाली दी।

लंदन में राहुल गांधी ने की भारत तोड़ो की बात

मुख्यमंत्री सरमा ने कांग्रेस नेता पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा के लिए कर्नाटक आए और बाद में उन्होंने लंदन में जाकर भारत तोड़ो की बात की। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा के लिए कर्नाटक आए और फिर लंदन में भारत तोड़ो के बारे में बात की। जब वह यात्रा के लिए कर्नाटक आए तो मैंने उनसे पूछा था कि साल 1947 में भारत को किसने तोड़ा। आपके नाना ने ऐसा किया था।”

पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत बनेगा विश्व गुरु

कर्नाटक के लोगों से आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा को सत्ता में वापस लाने का आग्रह करते हुए मुख्यमंत्री सरमा ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश ‘विश्व गुरु’ बनेगा। मालूम हो कि कर्नाटक में जून से पहले चुनाव होने हैं, क्योंकि 224 सदस्यीय विधानसभा का कार्यकाल 24 मई को समाप्त होने वाला है।