कुठौंद (जालौन)। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि कुंभ मेले में अव्यवस्थाओं के चलते कई लोगों की मौत हो गई, लेकिन सरकार वास्तविक आंकड़े छुपाती रही। यह सरकार और प्रशासन की नाकामी है।वह रविवार की रात 9:30 बजे बुंदेलखंड एक्सप्रेस से गुजर रहे थे। इसी दौरान मिहोना के पास मिहोना निवासी बहन प्रतीक्षा यादव ने कई कार्यकर्ताओं के साथ उनका काफिला रोका और उनका तिलक करके भाईदूज पर दीर्घायु की कामना की।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि पार्टी को मजबूत करने के लिए सभी कार्यकर्ता एकजुटता के साथ काम करें। पार्टी की ताकत ही कार्यकर्ताओं से होती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्रयागराज में जो महाकुंभ का आयोजन किया गया था उसमें भगदड़ के दौरान हुई मौतों का सरकार ने सही आंकड़ा न देकर अपनी नाकामी छुपाने का काम किया है।साथ ही इस सरकार में गरीबों की कोई सुनने वाला नहीं है इसलिए पार्टी के कार्यकर्ता आगे आकर जरूरतमंदों की समस्या को सुनकर उनका निस्तारण कराने का प्रयास करें। इसके अलावा पार्टी की नीतियों को भी बताएं। क्योंकि भाजपा सरकार ने सपा की योजनाओं के नाम बदल दिया और अपनी योजना बताकर लोगों को लाभ देने की बात कर रही है।
इसके बाद उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया और इटावा की तरफ हाथ हिलाकर आगे बढ़ गए। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य रामेंद्र त्रिपाठी, आकाश यादव, रिंकू, रामजी, श्यामजी, रीतेश सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भाजपा नफरत की राजनीति करती है- अखिलेश
किसानों के हितों में जो सपा सरकार में काम किए गए वह भाजपा ने नहीं किए। महोबा जिले में बनाए गए खरीद केंद्रों में मूंगफली घोटाला हुआ। किसानों का अब तक भुगतान नहीं हुआ है। किसानों से कागज ले लिए गए और उनका रुपया सरकारी कर्मचारी व भाजपाई खा गए। हर ओर प्रदेश में लूट मची हुई है और हर लूट में भाजपा नेता शामिल हैं।यह बात सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने ग्राम कनकुआ महोबकंठ (महोबा) में मीडिया से बातचीत के दौरान कहीं। वह यहां सांसद अजेंद्र सिंह के पुत्र अमन नारायण व वधू शिवांगी को आशीर्वाद देने पहुंचे थे। उनकी शादी 11 मार्च को हुई थी।
पूर्व सीएम ने डिप्टी सीएम केशव मौर्य पर तंज कसते हुए उन्हें शासकीय सेवक बताया। कहा कि वह क्या बनने के सपने देख रहे थे और क्या हासिल हुआ। बोले कि हर ओर खनन चल रहा है और प्रदेश में भाजपा की सरकार में अपराध बढ़ा है। हर ओर घटनाएं हो रही है।