दिल्ली-NCR में सुबह से झमाझम बारिश, महाराष्ट्र में नदियां उफान पर; यूपी-उत्तराखंड में अलर्ट जारी

दिल्ली-NCR में सुबह से झमाझम बारिश, महाराष्ट्र में नदियां उफान पर; यूपी-उत्तराखंड में अलर्ट जारी

नई दिल्ली। देश के ज्यादातर हिस्सों में मानसून एक्टिव है, इसकी वजह से कई राज्यों में जमकर बारिश हो रही है। राजधानी दिल्ली और एनसीआर के लोग पिछले कई दिनों से उमस और गर्मी से परेशान थे, लेकिन इस बीच गुरुवार की सुबह दिल्ली में हुई बारिश से लोगों को राहत मिली है। दिल्ली में रोजाना किसी न किसी इलाके में बादल बरस रहे हैं।

बुधवार की सुबह भी राजधानी में झमाझम बारिश हुई थी। बारिश की वजह से दिल्ली वासियों को गर्मी से राहत मिलने के साथ ही तापमान में भी गिरावट देखने को मिली है। दिल्ली के द्वारका और लाजपत नगर के साथ ही बादल नोएडा और गाजियाबाद में भी मेहरबान रहे।

मनाली में आधी रात फटा बादल

उधर गुरुवार को हिमाचल प्रदेश के मनाली में आधी रात बादल फटने से अंजनी महादेव नदी व आखरी नाले में बाढ़ आ गई। बाढ़ आने से पलचान, रुआड व कुलंग गांव में अफरा तफरी मच गई। नदी से आ रही भयंकर आवाज से हर कोई सहम गया। बाढ़ से पलचान में दो घर बह गए हैं जबकि एक घर को आंशिक नुकसान पहुंचा है। पुल व पावर प्रोजेक्ट को भी नुकसान पहुंचा है। घरों में रह रहे लोगों ने भागकर जान बचाई लेकिन घर बाढ़ की चपेट में आ गए।

उत्तर प्रदेश में मानसून ब्रेक लेकर फिर से हुआ सक्रिय

उत्तर प्रदेश में भी मानसून ब्रेक लेकर अब फिर से सक्रिय हो गया है। अगले कुछ घंटे के भीतर यूपी के तमाम जिलों में बादल फिर से बरसेंगे और मौसम सुहावना होगा। मानसून एक्टिव होने के बाद प्रदेश के कई जिलों में अच्छी बारिश का अनुमान जताया गया है।

व्हाट्सएप पर समाचार प्राप्त करने के लिए यंहा टैप/क्लिक करे वीडियो समाचारों के लिए हमारा यूट्यूब चैनल सबस्क्राईब करे