विश्व क्षय रोग दिवस पर 90 टीबी मुक्त ग्राम पंचायतों के प्रधान सम्मानित

विश्व क्षय रोग दिवस पर 90 टीबी मुक्त ग्राम पंचायतों के प्रधान सम्मानित
  • सहारनपुर में जिलाधिकारी मनीष बंसल को सम्मानित करते चिकित्सा विभाग के अधिकारी।

सहारनपुर। प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत विश्व क्षय रोग दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में जनपद की 90 टीबी मुक्त ग्राम पंचायतों के प्रधानों को सम्मानित किया गया।

यह सम्मान समारोह जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित किया गया। वर्ष 2025 के आंकड़ों के अनुसार टीबी मुक्त घोषित ग्राम पंचायतों में से 7 पंचायतें ऐसी रहीं, जो वर्ष 2023 से लगातार तीन वर्षों से टीबी मुक्त हैं। इन पंचायतों के प्रधानों को महात्मा गांधी जी की स्वर्ण प्रतिमा एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं, वर्ष 2024 से लगातार दो वर्षों से टीबी मुक्त रही 13 ग्राम पंचायतों के प्रधानों को रजत प्रतिमा एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त वर्ष 2025 में पहली बार टीबी मुक्त हुई ग्राम पंचायतों के प्रधानों को कांस्य प्रतिमा एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी मनीष बंसल, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार एवं जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. सर्वेश कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से सभी प्रधानों को सम्मानित करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की और आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ क्षय रोग लैब पर्यवेक्षक एम.पी. सिंह चावला द्वारा किया गया। इस दौरान जिला पंचायत राज विभाग के जिला समन्वयक देव भास्कर पांडे एवं उप जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. आशीष कुमार ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कपिल देव, जिला मलेरिया अधिकारी शिवांका गोड़, जिला टीबी कार्यक्रम समन्वयक मुकेश कुमार, पीपीएम परवेन्द्र यादव सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारी एवं संबंधित ग्राम प्रधान उपस्थित रहे।


Leave a Reply