‘क्या संप्रभुता को भी गिरवी रख दिया..’, अखिलेश यादव ने ट्रंप के दावे को लेकर साधा BJP पर निशाना

‘क्या संप्रभुता को भी गिरवी रख दिया..’, अखिलेश यादव ने ट्रंप के दावे को लेकर साधा BJP पर निशाना

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत के 11 जेट विमान गिरने का दावा किया है, जिसे लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि बीजेपी ने संप्रभुता को भी गिरवी रख दिया है. सरकार को अपना पक्ष साफ़ करना चाहिए.

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर अमेरिकी राष्ट्रपति के बयान को टैग करते हुए भाजपा पर हमला किया. उन्होंने पूछा कि ये हमारे देश के सम्मान का मामला है. सरकार को इस पर अपनी स्पष्टीकरण देना चाहिए कि उस दिन क्या हुआ था? अमेरिकी ट्रेड डील की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा कि क्या डील ने मुँह पर सील लगा दी है.

सपा अध्यक्ष ने ट्रेड डील पर उठाए सवाल

अखिलेश यादव ने एक्स पर लिखा, “क्या DEAL ने मुंह पर SEAL लगा दी है? या तो बात साफ की जाए कि क्या हुआ था या बाहरी हस्तक्षेप के दावों को ख़ारिज किया जाए. भाजपाई राजनीति ने अब क्या संप्रभुता को भी गिरवी रख दिया है.”?

उन्होंने आगे लिखा, “देश के नागरिकों, किसानों, कारोबारियों और मज़दूरों का हित तो भाजपा सरकार ने इस डील के माध्यम से पहले ही गिरवी रख दिया है. जब देश में न खेती होगी, न कारखाने-मिलें चलेंगी, न छोटे-बड़े उद्योग तो आम जनता को काम-रोज़गार कहाँ मिलेगा. युवक-युवतियों का भविष्य कैसे बनेगा? ये देश के सम्मान का मामला है। स्पष्टीकरण अपेक्षित है.”

अमेरिकी राष्ट्रपति ने किया ये दावा

बता दें कि राष्ट्रपति ट्रंप ने दावा किया है कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत-पाक के बीच जंग के दौरान भारत के 11 जेट गिर गए थे. उन्होंने दोनों देशों पर भारी टैरिफ़ की धमकी देकर जंग को टाल दिया था. ट्रंप ने कहा कि उस समय हालात बेहद ख़तरनाक हो गए थे. कई विमान गिर गए थे. ट्रंप ने इन्हें बेहद महंगे जेट बताया है.

ट्रंप के इस दावे के बाद भारत में सियासत तेज हो गई है. विपक्षी दल एक बार फिर से इसे लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठा रहे हैं और भारतीय जनता पार्टी को घेरने की कोशिश में जुट गए हैं.


Leave a Reply