चयन प्रतियोगिता में हरियाणा के खिलाडिय़ों का रहा दबदबा
- सहारनपुर में स्टेडियम में कुराश चयन प्रतियोगिता में जोरआजमाइश करते खिलाड़ी।
सहारनपुर [24CN]। तजाकिस्तान में आयोजित होने वाली सीनियर एशियन कुराश चैम्पियनशिप में भागीदारी के लिए भारतीय कुराश टीम की चयन प्रतियोगिता में पहले दिन हरियाणा के खिलाडिय़ों का दबदबा रहा।
बीआर अम्बेडकर स्टेडियम में आयोजित भारतीय कुराश टीम चयन प्रतियोगिता का उद्घाटन महापौर संजीव वालिया, भारतीय कुराश संघ के अध्यक्ष रवि कपूर व सचिव रवि वर्मा ने संयुक्त रूप से किया। प्रतियोगिता के 48 किग्रा भार वर्ग में अन्नू हरियाणा, 52 किग्रा भार वर्ग में आशु देवी हरियाणा, 57 किग्रा भार वर्ग में शान हरियाणा, 63 किग्रा भार वर्ग में भारती हरियाणा, 70 किग्रा भार वर्ग में पिंकी बलहारा, 78 किग्रा भार वर्ग में हरियाणा तथा 87 किग्रा भार वर्ग में ज्योति टास्क दिल्ली का चयन किया गया।
उत्तर प्रदेश कुराश एसोसिएशन के सचिव विक्रांत कुमार ने बताया कि भारतीय कुराश टीम चयन प्रतियोगिता में 22 राज्यों के श्रेष्ठ खिलाडिय़ों ने प्रतिभाग किया। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल करने वाले खिलाड़ी आगामी 17 से 21 मार्च तक तजाकिस्तान में आयोजित होने वाली सीनियर एशियन कुराश चैम्पियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस दौरान उपाध्यक्ष प्रवीण चौधरी, राहुल व्यास, शक्ति सिंह, सोमवीर, राजेश ठाकुर, राकेश कुमार, तरूण भोला, अमनदीप, मोहित शर्मा, दिव्यांश कश्यप, रविकांत धीमान, लाल धर्मेंद्र प्रताप, काशी नरेश यादव आदि मौजूद रहे।
