चंडीगढ़। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए हरियाणा के नौ जिलों में वीकेंड लॉकडाउन लगा दिया गया है। यह तत्काल प्रभाव से लागू होगा। वींकेंड लॉकडाउन शुक्रवार रात से 3 मई सुबह पांच बजे तक रहेगा। जिन जिलों में लॉकडाउन लगाया गया है उनमें पंचकूला, गुरुग्राम, फरीदाबाद, हिसार, सोनीपत, रोहतक, करनाल, सिरसा व फतेहाबाद शामिल हैं। इन्हीं जिलों में कोरोना संक्रमण के सबसे ज्यादा मामले आ रहे हैं।
बता दें, हरियाणा में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। खासतौर से दिल्ली से सटे गुरुग्राम, फरीदबाद, सोनीपत में हालात बेकाबू होने लगे हैं। अस्पतालों में बेड नहीं मिल रहे। कोरोना पर काबू के लिए सरकार ने यह एहतिहाती कदम उठाया है। गत दिवस राज्य में रिकार्ड 13 हजार 947 संक्रमित मिले, जबकि 97 मरीजों की मौत हो गई।
किस जिले में कितने मरीज मिले
- गुरुग्राम में सर्वाधिक 5042
- फरीदाबाद में 1563
- सोनीपत में 140
- हिसार में 822
- अंबाला में 487
- करनाल में 750
- पानीपत में 461
- रोहतक में 445
- रेवाड़ी में 192
- पंचकूला में 407
- यमुनानगर में 255
- सिरसा में 492
- महेंद्रगढ़ में 410
- भिवानी में 207
- झज्जर में 223
- फतेहाबाद में 313
- कैथल में 252
- जींद में 462
- चरखी दादरी में 104
कहां कितनी मौत
हिसार में 12, अंबाला और जींद में 11-11, गुरुग्राम और भिवानी में नौ-नौ, फरीदाबाद व पंचकूला में सात-सात, पलवल, फतेहाबाद व करनाल में पांच-पांच, कैथल और रोहतक में चार-चार, सिरसा में तीन, कुरुक्षेत्र में दो और नूंह में एक मरीज की मौत हुई है। हरियाणा में मृतकों का ग्राफ 4118 हो गया है। कुल 1267 मरीजों की हालत ङ्क्षचताजनक है, जिनमें 1076 मरीज आक्सीजन और 209 वेंटिलेटर पर हैं। मरीजों की बढ़ती संख्या से रिकवरी रेट लुढ़कर 79.48 फीसद और पाजिटिव रेट बढ़ कर 6.48 फीसद पर पहुंच गया है। मृत्यु दर 0.87 फीसद है। प्रत्येक दस लाख लोगों पर दो लाख 89 हजार 721 लोगों की जांच की जा रही है।वीरवार को 48 हजर 750 लोगों के सैंपल लिए गए। इसके अलावा 40 हजार लोगों ने कोरोना वैक्सीन ली। अभी तक प्रदेश में 37 लाख 83 हजार 600 लोग टीकाकरण करा चुके हैं।