हरियाणा चुनाव 2024: भाजपा को एक और झटका, पूर्व मंत्री कर्ण देव कांबोज कांग्रेस में शामिल

हरियाणा चुनाव 2024: भाजपा को एक और झटका, पूर्व मंत्री कर्ण देव कांबोज कांग्रेस में शामिल

करनाल: हरियाणा चुनाव 2024 से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को बड़ा झटका लगा है। पूर्व मंत्री कर्ण देव कांबोज ने टिकट वितरण से असंतुष्ट होकर कांग्रेस का दामन थाम लिया है। शुक्रवार को दिल्ली में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और प्रदेश अध्यक्ष उदयभान की उपस्थिति में कांबोज ने कांग्रेस ज्वाइन की। इस घटनाक्रम से करनाल के इंद्री और यमुनानगर के रादौर क्षेत्र के चुनावी समीकरण बदल सकते हैं।

भाजपा के ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष थे कांबोज
कर्ण देव कांबोज भाजपा के ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष थे। टिकट कटने के बाद से ही उनके कांग्रेस में शामिल होने की चर्चा थी। इंद्री क्षेत्र में बाहरी प्रत्याशियों के प्रति जनता की सहानुभूति अधिक रही है, और यहां के पिछले 13 चुनावों में केवल पांच बार स्थानीय प्रत्याशी जीत सके हैं।

कांग्रेस से पहले भी लड़ चुके हैं चुनाव
कांबोज ने 2005 में कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था। इसके बाद उन्होंने हरियाणा जनहित कांग्रेस के टिकट पर भी दो बार चुनाव लड़ा, लेकिन जीत हासिल नहीं कर सके। 2019 में उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ते हुए दूसरा स्थान प्राप्त किया था। अब 19 साल बाद फिर कांग्रेस के टिकट पर मैदान में हैं।

भाजपा से नाराजगी
कर्ण देव कांबोज टिकट कटने से नाराज थे। जब मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी उन्हें मनाने उनके घर गए, तो कांबोज ने हाथ मिलाने से इनकार कर दिया। इसके बाद कांबोज ने कांग्रेस का रुख किया। कांग्रेस ज्वाइन करने के बाद कांबोज ने कहा कि उन्होंने भाजपा के लिए खून-पसीना एक किया, लेकिन पार्टी ने ऐसे व्यक्ति को टिकट दिया है, जिसके खिलाफ आपराधिक मुकदमे हैं।

कर्ण देव कांबोज 2014 में इंद्री से भाजपा विधायक और कैबिनेट मंत्री बने थे, हालांकि 2019 में रादौर से चुनाव लड़कर हार गए थे।

 

व्हाट्सएप पर समाचार प्राप्त करने के लिए यंहा टैप/क्लिक करे वीडियो समाचारों के लिए हमारा यूट्यूब चैनल सबस्क्राईब करे