फरीदाबाद । थाना तिगांव क्षेत्र के एक गांव में दुष्कर्म के आरोपितों को जमानत मिलने की सूचना मिलने परेशान होकर पीड़ित युवती ने जहरीला पदार्थ निगल कर आत्महत्या कर ली। पीड़ित के पिता ने थाना तिगांव पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी बेटी गांव कौराली के एक स्कूल में पढ़ती थी। उसकी बेटी को गांव अटाली का रहने वाला सौराज और गड़खेड़ा के रहने वाला नवीन दो फरवरी-2021 को जबरदस्ती उठाकर जंगल में खेतों पर ले गए। वहां पर उसके साथ दुष्कर्म किया और उसे वापस पड़ोस के गांव में छोड़ गए। इस मामले में दोनों आरोपित अब तक जिला जेल नीमका में बंद थे। अब दोनों आरोपितों को अदालत ने जमानत पर छोड़ दिया।

इसके बारे में उसकी बेटी को सूचना मिली, तो उसने अपने पिता से कहा कि उसे तो न्याय नहीं मिला। इस बात से वह परेशान रहने लगी। उसे काफी समझाने-बुझाने की कोशिश की, लेकिन वह समय नहीं सकी। उसने रविवार की शाम को 4 बजे दुखी होकर अपने घर पर ही जहरीला पदार्थ निगल लिया। इससे उसकी तबीयत खराब हो गया। उसे गंभीर अवस्था में सेक्टर-8 सर्वोदय अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

थाना प्रभारी अशोक कुमार का कहना है कि पीड़िता के पिता की शिकायत पर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके मृतक का बादशाह खान अस्पताल में पोस्टमार्टम करा दिया है और शव स्वजन को सौंप दिया।फिलहाल मामले की जांच जारी है। पुलिस कानून के मुताबिक कार्रवाई कर रही है।