मेहनती कार्यकर्ताओं को पार्टी में दिया जाएगा पूरा मान-सम्मान: मुजफ्फर

- सहारनपुर में साढौली कदीम में कांग्रेस की सभा में मंचासीन पदाधिकारी।
सहारनपुर [24CN] । कांग्रेस जिलाध्यक्ष चौ. मुजफ्फर अली ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए पार्टी में मेहनत करने वाले कार्यकर्ताओं को पूरा मान-सम्मान देने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गांव का कार्यकर्ता जितना मजबूत होगा, पार्टी उतनी ही अधिक मजबूत होगी। कांग्रेस जिलाध्यक्ष चौ. मुजफ्फर अली आज यहां ब्लाक साढोली कदीम के गांव हथौली व मीरपुर गंदेवड़ में संगठन सृजन अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में किसानों के उत्थान के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं लागू की गई थी जिनमें मंडी व्यवस्था व न्यूनतम समर्थन मूल्य का प्राविधान भी शामिल है परंतु केंद्र की भाजपा सरकार ने पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए नए कृषि कानून लाकर न्यूनतम समर्थन मूल्य के प्राविधान को समाप्त कर दिया है जिसे कांग्रेस भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। एआईसीसी सदस्य जावेद साबरी ने कहा कि पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा व प्रदेशाध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के निर्देशानुसार पार्टी को बूथ स्तर पर मजबूत बनाने का काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आज भाजपा की केंद्र व प्रदेश सरकारों की गलत नीतियों के चलते किसान, मजदूर व व्यापारी सभी वर्ग परेशान हैं तथा इन वर्गों की समस्याओं को लेकर संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि आने वाला समय कांग्रेस पार्टी का है। इसलिए कार्यकर्ता पार्टी को मजबूत बनाने में जुट जाएं। कार्यक्रम को कांग्रेस विधायक नरेश सैनी के प्रतिनिधि शिवकुमार सैनी, ब्लाक अध्यक्ष चौ. हासिम, ब्लाक महासचिव नसीम, डा. मेघराज, सोनू प्रधान, चौ. शोबान, अंकुर सैनी ने भी सम्बोधित किया। इस दौरान संजय सैनी को न्याय पंचायत साढोली कदीम का अध्यक्ष चुना गया। इस अवसर पर राशिद मलिक, आशु सैनी, अशोक सैनी, संदीप सैनी, आत्माराम सैनी, चौ. कलीम, सूफियान अली, विनय सैनी, खूबचंद, रिजवान, तालिब आदि मौजूद रहे।