हार्दिक पांड्या पर टी20 वर्ल्ड कप जीत के दौरान लगा तिरंगे के अपमान का आरोप, पुणे में शिकायत दर्ज की गई

हार्दिक पांड्या पर टी20 वर्ल्ड कप जीत के दौरान लगा तिरंगे के अपमान का आरोप, पुणे में शिकायत दर्ज की गई

टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड की टीम के बीच में खेला गया था, जिसे टीम इंडिया ने 96 रनों के बड़े अंतर से अपने नाम करने के साथ तीसरी बार ये खिताब अपने नाम किया। भारतीय टीम के खिलाड़ी वर्ल्ड कप जीतने के बाद काफी खुश नजर आए जिसमें मैदान पर सभी के हाथ में तिरंगा था और वह अपनी खुशी को जाहिर कर रहे थे। वहीं अब टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर खिलाड़ी हार्दिक पांड्या को लेकर पुणे के शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन में वर्ल्ड कप जीत के दौरान तिरंगे के अपमान को लेकर शिकायत दर्ज कराई गई है।

शिकायतकर्ता ने सख्त कार्रवाई करने की मांग की

हार्दिक पांड्या को लेकर पुणे के शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन में वकील वाजेद खान द्वारा तिरंगे के अपमान को लेकर शिकायत दर्ज कराई गई है, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया है कि हार्दिक पांड्या ने जश्न मनाते समय तिरंगे को अपने शरीर पर लपेटा हुआ था और अपनी गर्लफ्रेंड के साथ डांस कर रहे थे। शिकायतकर्ता ने समाचार एजेंसी एएनआई को दिए अपने बयान में कहा कि 1971 नेशनल फ्लैग एक्ट के सेक्शन 2 के मुताबिक, हमें राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करना चाहिए। लेकिन, हार्दिक पांड्या जीत के जश्न में इतने खो गए थे कि वह नेशनल फ्लैग पहनकर अपनी गर्लफ्रेंड के साथ लेटे हुए थे। मेरा मानना ​​है कि यह नेशनल फ्लैग का अपमान है। मैंने शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन शिकायत फाइल करने गया, तो उन्होंने मुझे बताया कि घटना वहां हुई थी यहां नहीं। तो मैंने उनसे कहा कि नेशनल फ्लैग पूरे देश का सिंबल है और हम शिवाजी नगर पुलिस में शिकायत फाइल कर सकते हैं। उन्होंने फिर मेरी शिकायत को दर्ज कर लिया और मुझे एक कॉपी दी है।

 

हार्दिक ने वर्ल्ड कप जिताने में निभाई है अहम भूमिका

टीम इंडिया को तीसरी बार वर्ल्ड कप का खिताब जिताने में हार्दिक पांड्या ने बल्ले और गेंद दोनों से अहम भूमिका अदा की है। हार्दिक ने जहां टूर्नामेंट में कुल 9 मैचों में खेलते हुए 27.12 के औसत से 217 रन बनाए जिसमें उनके बल्ले से 2 अर्धशतकीय पारियां भी देखने को मिली थी। वहीं गेंदबाजी में हार्दिक पांड्या के प्रदर्शन को लेकर बात की जाए तो उन्होंने 32.33 के औसत से कुल 9 विकेट अपने नाम किए। इसके अलावा टीम इंडिया को सेमीफाइनल मैच में इंग्लैंड के खिलाफ जिताने में हार्दिक ने अहम भूमिका निभाई थी जब उन्होंने अहम 19वां ओवर फेंका था।


Leave a Reply