हक की बात-जिलाधिकारी के साथ‘‘ कार्यक्रम के अंतर्गत 6 शिकायतें प्राप्त

सहारनपुर [24CN]। ‘‘हक की बात-जिलाधिकारी के साथ‘‘ कार्यक्रम में जिलाधिकारी द्वारा नामित अपर उपजिलाधिकारी श्री एस0एन0शर्मा, उप निदेशक महिला कल्याण श्री पुष्पेन्द्र सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती आशा त्रिपाठी तथा जिला प्रोबेशन अधिकारी श्रीमती मीनू सिंह द्वारा महिलाओं व बच्चों की समस्याओं को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित सुनवाई में सुना गया।
कार्यक्रम में कुल 06 शिकायतें प्राप्त हुई जिनमें से 02 मामले घरेलू हिंसा, 01 जिला कार्यक्रम अधिकारी से सम्बन्धित, 01 परियोजना निदेशक, डूडा से सम्बन्धित, 01 जिला पूर्ति अधिकारी से सम्बन्धित तथा 01 खण्ड विकास अधिकारी, पुवाँरका से सम्बन्धित होने पर उनका निस्तारण करने के लिए प्रेषित किये गये।
उप निदेशक महिला कल्याण श्री पुष्पेन्द्र सिंह द्वारा यौन हिंसा, लैंगिक असमानता, बाल विवाह, बाल श्रम, घरेलू हिंसा तथा दहेज उत्पीड़न, कार्यस्थल पर महिलाओं का लैंगिक उत्पीड़न अधिनियम, पोक्सो एक्ट तथा अन्य योजनाओं के विषय में जानकारी प्रदान की गयी।
जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती आशा त्रिपाठी द्वारा महिलाओं व बालिकाओं को संरक्षण, सुरक्षा तंत्र, सुझावों, सहायता व कानूनी सहायता, लैंगिक असमानता के सम्बन्ध में जानकारी दी गयी।
जिला प्रोबेशन अधिकारी श्रीमती मीनू सिंह ने कोविड-19 से प्रभावित 23 बच्चों व उनके अभिभावकों की समस्याओं को सुनकर उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के विषय में जानकारी प्रदान करते हुए ऐसे परिवारों को निराश्रित महिला पेंशन योजना, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के विषय में जानकारी प्रदान की गयी।