फांसी घर विवाद: 6 मार्च को उपस्थित होंगे अरविंद केजरीवाल, कार्यवाही की Live स्ट्रीमिंग की मांग

फांसी घर विवाद: 6 मार्च को उपस्थित होंगे अरविंद केजरीवाल, कार्यवाही की Live स्ट्रीमिंग की मांग

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ‘फांसी घर’ मामले में विशेषाधिकार समिति के सामने 6 मार्च को उपस्थित होंगे. उन्होंने समन पर कमेटी को चिट्ठी लिखकर इस बारे में अवगत कराया है. इसके साथ ही उन्होंने राजधानी में प्रदूषण, सड़कों और अस्पतालों की स्थिति को लेकर चिंता जताते हुए रेखा गुप्ता सरकार को घेरा है.

AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ”दिल्ली प्रदूषण से जूझ रही है. सड़कें टूटी पड़ी हैं. हर तरफ कूड़े के ढेर हैं. अस्पतालों में दवाइयां नहीं हैं. दिल्ली विधानसभा ने “फांसी घर” पर प्रश्न पूछने के लिए मुझे बुलाया है. मैंने विशेषाधिकार समिति को पत्र लिखकर सूचित कर दिया है कि उनके समन के अनुसार मैं 6 मार्च को उपस्थित रहूंगा. पारदर्शिता को ध्यान में रखते हुए समिति से मेरी विनती है कि कार्यवाही का सीधा प्रसारण किया जाए.”

अरविंद केजरीवाल ने पत्र को किया शेयर?

पूर्व सीएम ने एक्स पर विशेषाधिकार समिति को भेजी गई चिट्ठी को भी शेयर किया है. इस पत्र में केजरीवाल ने लिखा, ”मैं दिल्ली विधानसभा की प्रक्रिया एवं कार्य संचालन संबंधी 172 और 220 नियमों के तहत 18 फरवरी को जारी किए गए समन की प्राप्ति स्वीकार करता हूं. मैं 6 मार्च को  दोपहर 3 बजे विशेषाधिकार समिति के सामने व्यक्तिगत तौर से उपस्थित रहूंगा. पारदर्शिता और सार्वजनिक जवाबदेही के हित में आग्रह करता हूं कि कार्यवाही की लाइव स्ट्रीमिंग हो.”

 

क्या है फांसी घर?

दरअसल साल 2016 में दिल्ली विधानसभा बिल्डिंग के नीचे एक सुरंग मिली थी. यह अंग्रेजों के शासनकाल के समय की संरचना थी, जिसका निर्माण 1912 में हुआ था. यह वही साल है जब कलकत्ता की जगह पर दिल्ली को देश की राजधानी बनाई गई थी. साल 2021 में तत्कालीन विधानसभा स्पीकर राम निवास गोयल ने परिसर में एक फांसीघर मिलने की बात कही थी. इस संरचना का एंट्री गेट विधानसभा भवन के ठीक नीचे है. आम आदमी पार्टी की उस वक्त की सरकार ने बाद में इस जगह का जीर्णोद्धार कर इसका उद्घाटन ‘फांसीघर’ के तौर पर किया था.


Leave a Reply