वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर जिला मुख्यालय पर गरजीं समूह सखी महिलाएं

वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर जिला मुख्यालय पर गरजीं समूह सखी महिलाएं
  • सहारनपुर में धरना स्थल पर सिटी मैजिस्ट्रेट को ज्ञापन देती समूह सखी महिलाएं।

सहारनपुर। समूह-सखी महिलाओं के वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर जनता देश संगठन के कार्यकर्ताओं ने आज प्रदर्शन कर धरना दिया और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट को सौंपकर समस्याओं का समाधान किए जाने की मांग की। जनता देश संगठन से जुड़ी महिला कार्यकर्ता आज हकीकत नगर स्थित रामलीला मैदान पर राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश कुमार फौजी के नेतृत्व में एकत्रित हुई और अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर धरना दिया।

एक दिवसीय धरना प्रदर्शन में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश कुमार फौजी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्य  को सम्बोधित ज्ञापन सिटी मैजिस्ट्रेट गजेंद्र सिंह को सौंपकर बताया कि समूह-सखी  महिलाओं  (जो की पिछले कई वर्षों से राष्ट्रीय ग्रामीण आयोजिका मिशन (एनआरएलएम) के तहत विभाग में कार्यरत हैं, को उचित वेतन नहीं मिल रहा है। जबकि इन  महिलाओं से हर क्षेत्र में कार्य करवाया जाता है। जैसे प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, जीवन ज्योति बीमा योजना, पशु टीकाकरण योजना, मिशन अंत्योदय योजना इत्यादि। उन्होंने बताया कि इतना कार्य कराने के बावजूद भी इन्हें न्यूनतम वेतन महज 800 रुपए प्रतिमाह दिया जाता है। जबकि शहर में होने वाली कोई भी बैठक या कार्यक्रम में होने वाला खर्च यह समूह सखी  स्वयं से निर्वहन करती हैं। जिस कारण समूह सखी महिलाओं को अपना जीवन यापन करने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ज

नता देश संगठन (जेडीएस) समूह सखी महिलाओं ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि समूह सखी महिलाओं का बेसिक वेतन 18000 रुपए प्रतिमाह तथा विभाग में स्थाई नियुक्ति एवं (मातृत्व लाभ अधिनियम 1961) के तहत सम्पूर्ण सुविधाएं प्राप्त होनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार महिलाओं की समस्या का समाधान नहीं करती है तो समूह सखी महिलाएं बहुत जल्द अनिश्चितकालीन धरना देने को बाध्य होंगी जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन तथा सरकार की होगी।  इस अवसर पर जनता देश संगठन (जेडीएस) के संस्थापक एवं राष्ट्रीय महासचिव एवं अध्यक्षा महिला विंग एडवोकेट पिंकी पवन शिंदे, राष्ट्रीय प्रवक्ता  मंगीराम कश्यप प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बर्मन, सौरभ सिंह, मीडिया प्रभारी  बोबी कुमार, समूह सखी अध्यक्षा श्रीमती बबीता कश्यप, बरखा, सुमन, शिखा, चीका, सीमा, कोमल, उषा एवं उमा आदि मौजूद रही।