मंत्रियों के समूह ने किया जिला चिकित्सालय का निरीक्षण
सहारनपुर [24CN]। उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा, विज्ञान प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रानिक्स व सूचना प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार व सहारनपुर मंडल के प्रभारी मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने आज एसबीडी जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान राज्यमंत्री श्री उपाध्याय जिला चिकित्सालय की व्यवस्थाओं से संतुष्ट नजर आए। सहारनपुर मंडल के प्रभारी मंत्री व उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा, विज्ञान प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रानिक्स, सूचना प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभारी योगेंद्र उपाध्याय व नगर विकास, शहरी समग्र विकास, नागरिक रोजगार व गरीबी उन्मूलन राज्य मंत्री राकेश सिंह राठौर, उद्यान कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार, कृषि निर्यात राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह आज अपरान्ह 4 बजे एसबीडी जिला चिकित्सालय पहुंचे जहां उन्होंने जिला चिकित्सालय के आकस्मिक चिकित्सा, वार्ड में भर्ती मरीजों से मिल रही चिकित्सा सुविधा के बारे में जानकारी ली। इसके बाद तीनों राज्यमंत्रियों ने जिला चिकित्सालय के ट्रामा सैंटर का भी निरीक्षण किया।
निरीक्षण के बाद उच्च शिक्षा राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभारी योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि सहारनपुर जिला चिकित्सालय में मिलने वाली सुविधाएं पूरे उत्तर प्रदेश में नम्बर वन हैं। उन्होंने कहा कि जिला चिकित्सालय का स्टाफ भी मरीजों की अच्छी तरह देखभाल करता है। जिला चिकित्सालय में डाक्टरों की कमी के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में राज्यमंत्री श्री उपाध्याय ने कहा कि इस सम्बंध में मुख्यमंत्री से वार्ता कर समस्या का समाधान कराने का काम किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान विधायक राजीव गुम्बर, विधायक मुकेश चौधरी, विधायक देवेंद्र निम, विधायक चौ. कीरत सिंह, पूर्व विधायक नरेश सैनी, जिलाध्यक्ष डा. महेंद्र सैनी, भाजपा महानगर अध्यक्ष राकेश जैन, जिलाधिकारी अखिलेश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. संजीव मांगलिक, प्रमुख चिकित्सा, महिला चिकित्सालय के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डा. नवदीप सिंह सहित सभी अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी व उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी मौजूद रहे।
