नवरात्रों के पावन पर्व पर माँ भगवती का गुणगान कार्यक्रम का भव्य आयोजन

नवरात्रों के पावन पर्व पर माँ भगवती का गुणगान कार्यक्रम का भव्य आयोजन
  • सहारनपुर में मां भगवती का गुणगान करती साध्वी अंबालिका भारती, सोम प्रभा भारती एवं पूजा भारती।

सहारनपुर। दिव्य ज्योति जागृति संस्थान के तत्वावधान में गोविंद विहार कॉलोनी, सहारनपुर में नवरात्रों के पावन पर्व पर माँ भगवती का गुणगान कार्यक्रम अत्यंत श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर गोविंद विहार कॉलोनी की माताओं एवं बहनों ने बड़ी संख्या में सहभागिता करते हुए कार्यक्रम का भरपूर लाभ उठाया।

सम्पूर्ण वातावरण भक्ति रस से सराबोर रहा और माँ भगवती के जयकारों से क्षेत्र गुंजायमान हो उठा। कार्यक्रम का संचालन परम पूज्य श्री आशुतोष महाराज जी की शिष्याओं-साध्वी अंबालिका भारती जी, सोम प्रभा भारती जी एवं पूजा भारती जी के सान्निध्य में हुआ। उन्होंने अपने प्रेरणादायक भजनों एवं प्रवचनों के माध्यम से उपस्थित श्रद्धालुओं को भक्ति का गूढ़ रहस्य समझाया और जीवन में आध्यात्मिकता के महत्व पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के दौरान माँ भगवती की पावन आरती बड़े श्रद्धा भाव के साथ सम्पन्न की गई, जिसके उपरांत उपस्थित सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया। इस पावन क्षण में सभी भक्तगण भक्ति एवं आनंद से अभिभूत दिखाई दिए। कार्यक्रम के समापन पर सभी श्रद्धालुओं ने माँ भगवती से सुख, शांति, समृद्धि एवं आध्यात्मिक उन्नति की मंगलकामना की। यह आयोजन न केवल भक्ति का अद्भुत संगम बना, बल्कि समाज में सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक जागरण का प्रेरणास्रोत भी सिद्ध हुआ।


Leave a Reply