महर्षि कश्यप जयंती एवं कथा का भव्य आयोजन, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़
- सहारनपुर में महषि कश्यप जयंती मनाते श्रद्धालु।
सहारनपुर। सृष्टि के रचयिता भगवान महर्षि कश्यप जी की जयंती एवं कथा का भव्य आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्म एवं संस्कृति के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।
पिलखनी स्थित महर्षि कश्यप ज्ञान आश्रम में कार्यक्रम के मुख्य कथा व्यास परम पूज्य बाबा कुल्हाड़े वाले, राष्ट्रीय अध्यक्ष, महर्षि कश्यप सनातन धर्म राष्ट्रीय फाउंडेशन (गंगा बैराज, जिला बिजनौर) रहे, जिन्होंने कथा के माध्यम से कश्यप समाज के गौरवशाली इतिहास, ऋषि-मुनियों, साधु-संतों, वीर-शहीदों और समाज सुधारकों के योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व विधान परिषद सदस्य एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष संयुक्त कश्यप महासभा (भारत) सुरेश कश्यप द्वारा किया गया। आयोजन का उद्देश्य कश्यप समाज की बिखरी हुई संस्कृति और इतिहास को एक सूत्र में पिरोकर जन-जन तक पहुंचाना रहा। कार्यक्रम के दौरान सामाजिक एकता और जागरूकता का संदेश भी दिया गया। यह आयोजन भारतीय स्टेट बैंक के सामने, रेलवे रोड, पिलखनी, जिला सहारनपुर में सम्पन्न हुआ। आश्रम के संस्थापक मांगेराम कश्यप (पूर्व प्रधान, सामाजिक चिंतक एवं वरिष्ठ समाजसेवी) सहित आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। इस अवसर पर हवन, कथा एवं भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
