29वीं अंतर जनपदीय पुलिस कुश्ती क्लस्टर प्रतियोगिता का भव्य समापन, पदक विजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित

29वीं अंतर जनपदीय पुलिस कुश्ती क्लस्टर प्रतियोगिता का भव्य समापन, पदक विजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित
  • सहारनपुर में पदक विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत करते डीआईजी एवं एसएसपी।

सहारनपुर। मेरठ जोन की 29वीं अंतर जनपदीय पुलिस कुश्ती क्लस्टर (कुश्ती, बॉक्सिंग, बॉडी बिल्डिंग, आर्म रेसलिंग) पुरुष एवं महिला प्रतियोगिता-2026 का आज  भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में पुलिस उपमहानिरीक्षक अभिषेक सिंह ने आयोजन सचिव एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन की उपस्थिति में विजेता खिलाड़ियों को पदक और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।

डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्टेडियम में 11 फरवरी से चल रही प्रतियोगिता के आज अंतिम दिन मुख्य अतिथि डीआईजी अभिषेक सिंह ने टीमों का मान-प्रणाम स्वीकार करते हुए खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सागर जैन, पुलिस अधीक्षक यातायात एवं लाइन्स शैलेन्द्र कुमार श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी लाइन्स मनोज कुमार यादव, सहायक पुलिस अधीक्षक प्रशिक्षु सिमरन, क्षेत्राधिकारी रवीकांत पाराशर, शशिप्रकाश शर्मा, शैलेन्द्र प्रताप गौतम, प्रिया यादव, रूचि गुप्ता, मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रताप सिंह, प्रतिसार निरीक्षक बीरेन्द्र बहादुर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

प्रतियोगिता में चल वैजयन्ती का खिताब जनपद सहारनपुर ने जीता। कुश्ती ग्रीकोरोमन स्पर्धा पुरुष वर्ग में जनपद मेरठ, कुश्ती फ्री स्टाइल पुरुष वर्ग में जनपद बागपत तथा कुश्ती फ्री स्टाइल महिला वर्ग में कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने बाजी मारी। बॉक्सिंग पुरुष वर्ग में जनपद सहारनपुर और महिला वर्ग में जनपद मेरठ विजेता रहे। आर्म रेसलिंग पुरुष एवं महिला वर्ग तथा बॉडी बिल्डिंग पुरुष वर्ग में कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में निर्णायक मंडल एवं आयोजन समिति का सक्रिय सहयोग रहा। कार्यक्रम का संचालन सन्दीप शर्मा ने किया।


Leave a Reply