प्रत्येक विकास खण्ड की 2 ग्राम पंचायतों में प्रत्येक शुक्रवार को आयोजित होगी ग्राम चौपाल

प्रत्येक विकास खण्ड की 2 ग्राम पंचायतों में प्रत्येक शुक्रवार को आयोजित होगी ग्राम चौपाल
सहारनपुर में जिलाधिकारी डॉ.मनीष बंसल का फाइल फोटो
  • मुख्य विकास अधिकारी ने ग्राम चैपाल के लिए जारी किया रोस्टर, नामित किए गये अधिकारी
  • समस्याओं का किया जायेगा त्वरित निस्तारण

सहारनपुर। जिलाधिकारी मनीष बंसल के निर्देशों के क्रम में मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन ने जन समस्याओं के निराकरण एवं पारदर्शिता के दृष्टिगत जन सामान्य की शिकायतों के मौके पर ही निस्तारण करने के उद्देश्य से जनपद की प्रत्येक विकास खण्ड की 2 ग्राम पंचायतों में प्रत्येक शुक्रवार को ग्राम चैपाल आयोजित किये जाने संबंधी रोस्टर जारी किया है।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि ग्राम चैपाल प्रातः 11 बजे से समाप्ति तक आयोजित की जायेगी जिसमें जन सामान्य की शिकायतों का मौके पर निस्तारण करते हुए ग्राम्य विकास विभाग द्वारा संचालित कार्यक्रमों एवं निर्माण कार्यों का भौतिक सत्यापन किया जायेगा। यदि किसी योजना के बारे में कोई व्यवहारिक कठिनाई आती है तो उस कठिनाई को भी निस्तारित किया जायेगा। सीडीओ श्री महाजन ने माह अप्रैल, मई एवं जून में आयोजित किये जाने वाले ग्राम चैपालों का रोस्टर जारी करते हुए खण्ड विकास अधिकारियों एवं जनपद स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्राम चैपाल के निर्धारित तिथि से पूर्व ही उस ग्राम पंचायत में स्वच्छता एवं साफ-सफाई अभियान जन सहयोग से चलाया जाए।

ग्राम चैपाल में जन प्रतिनिधियों को खण्ड विकास अधिकारियों द्वारा आमंत्रित किया जाए। इसमें मनरेगा का मजदूरी भुगतान, समूहों की गतिविधियां, विद्युत सखी, बीसी सखी, लखपति महिलाएं, टी.एच.आर. प्लान्ट, गौआश्रय स्थल, पंचायत भवन, सामुदायिक शौचालय, टीकाकरण, राशन वितरण, गैस कनेक्शन, हर घर नल से जल, आंगनबाडी एवं एएनएम सेन्टर का निरीक्षण, कल्याणकारी पेंशन एवं छात्रवृत्तियों का सत्यापन किया जायेगा।

कार्यक्रम में आयुष्मान कार्ड, किसान सम्मान निधि, प्राकृतिक एंव ऑर्गेनिक खेती, सुशासन जैसे विषयों पर अनिवार्य रूप से चर्चा की जायेगी। प्रत्येक ग्राम चैपाल में संबंधित ग्राम के लेखपाल एवं राजस्व निरीक्षक भी उपस्थित रहेंगे तथा चकमार्ग, सार्वजनिक भूमि आदि की पैमाइश भी कराएंगे। इसमें सभी विभागों के संबंधित ग्राम स्तरीय अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे।


Leave a Reply