राज्यपाल आनंदीबेन पटेल बोलीं- गुजरात मॉडल की तरह यूपी में किसानों को जमीन उपलब्ध कराएं डीएम
उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि कीटनाशक और रासायनिक उर्वरकों से पैदा हो रहे उत्पादों से बीमारियां बढ़ रहीं हैं। आम आदमी को इनसे बचाने के लिए जैविक खेती की जरूरत है। हम इसके प्रेरक गांव भी तैयार कर सकते हैं, जो किसान जैविक खेती कर रहे हैं उन्हें बाजार उपलब्ध कराया जाना चाहिए। शहर में जिस दिन साप्ताहिक अवकाश रहता है, उस दिन इन किसानों को अपने सामान की बिक्री के लिए जगह आवंटित की जानी चाहिए। जिलास्तर पर डीएम को यह काम करना है।
स्वामी कल्याणदेव कृषि विज्ञान केंद्र बघरा में बुधवार को किसान संवाद कार्यक्रम में पहुंचीं राज्यपाल ने कहा कि गुजरात में यह मॉडल लाभकारी साबित हुआ है। किसान देश और दुनिया का पेट भरने का काम करता है। ऐसी व्यवस्था बने कि किसान विश्व में कहीं भी अपने उत्पाद को बेच सके। पूरे भारत में टीबी के मरीज यूपी में सबसे ज्यादा हैं। एक-एक गांव में चार-पांच मरीज मिल रहे हैं। मरीजों की जांच और उपचार कराने में गांव के जागरूक लोगों को सहयोग करना होगा। गांवों में अभी भी महिलाएं बड़ी संख्या में कुपोषण की शिकार हैं।
उन्होंने कहा उत्तर प्रदेश में प्रति वर्ष छह हजार महिलाओं की जान प्रसव के दौरान जा रही है। आंगनबाड़ी केंद्रों पर महिला के साथ उसके पति को भी आना चाहिए। जो पैसा सरकार देती है उससे महिला को दूध और फल खिलाने चाहिए। पति अपनी जिम्मेदारी समझे तो मौतों में कमी आएगी। राज्यपाल ने महिलाओं से भी खेती और पशुपालन में आगे आने की अपील की।