जनविरोधी हैं केंद्र व उत्तर प्रदेश की सरकारें: सरफराज
- सहारनपुर में सपा की मासिक बैठक को सम्बोधित करते पूर्व दर्जा मंत्री सरफराज खान।
सहारनपुर। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता व पूर्व दर्जा मंत्री सरफराज खान ने कहा कि केंद्र व उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकारों की गलत नीतियों के चलते महंगाई चरम सीमा पर है जिसके चलते किसान, मजदूर समेत सभी वर्ग त्रस्त हैं और भाजपा सरकारों से छुटकारा चाहते हैं।
सरफराज खान आज यहां अम्बाला रोड स्थित सपा जिला कार्यालय पर आयोजित मासिक बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी फसलों का वाजिब दाम नहीं मिल रहा है और उनका गन्ना मूल्य भुगतान भी नहीं मिल रहा है। इसके बावजूद किसानों को विद्युत बिल के नाम पर प्रताडि़त किया जा रहा है जिसे सपा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी।
वरिष्ठ नेता अब्दुल गफूर व रमेश पंवार ने कहा कि भाजपा सरकारों में महंगाई बेकाबू हो रही है जिस कारण हर घर की रसोई बजट बिगड़ गया है। इससे भाजपा सरकारों को कोई मतलब नहीं है। अमरीश चौटाला, चौ. जुमला सिंह व मौ. हुसैन जिलानी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा किया जा रहा विकास का नारा केवल कागजों तक ही सीमिति है। उन्होंने कहा कि सहारनपुर में स्मार्ट सिटी के नाम पर महानगर की स्थिति किसी से छिपी नहीं है।
पूर्व महानगर अध्यक्ष फैसला सलमानी, जिला उपाध्यक्ष हसीन कुरैशी, महिला जिलाध्यक्ष महजबी खान व अंजू रानी ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता समस्याओं के समाधान के लिए जनता के बीच जाकर संघर्ष करें तथा भाजपा सरकार की गलत नीतियों को जनता के सामने उजागर करने का काम करें। बैठक को सबरीना, राजकुमार प्रधान, हाजी खुर्शीद, वेदपाल पटनी, विकास यादव, शबनम, जिंदी, रूबी, रवि कुमार ने भी सम्बोधित किया। बैठक में कुंवरपाल, सत्यवीर, शौकीन, केएस मजाहिरी, मेहताब, राजदा, मौ. इम्तियाज आदि मौजूद रहे।