दिल्ली में 260 करोड़ रुपये खर्च कर फ्री LPG देगी सरकार, रेखा गुप्ता ने किया बजट में ऐलान

दिल्ली में 260 करोड़ रुपये खर्च कर फ्री LPG देगी सरकार, रेखा गुप्ता ने किया बजट में ऐलान

New Delhi : दिल्ली में राज्य सरकार ने होली और दीपावली के मौके पर जनता को फ्री गैस सिलेंडर देने की योजना में 260 करोड़ रुपये आवंटित करने का ऐलान किया है. वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश करते हुए विधानसभा में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने यह ऐलान किया.

सीएम ने 1,03,700 करोड़ का बजट पेश किया है. इसमें दिल्ली नगर निगम (MCD) के लिए ₹11,666 करोड़ का आवंटन किया गया है.

बजट पेश करने से पहले सीएम ने कहा कि यह बजट ‘विकसित दिल्ली’ के संकल्प को गति देने वाला है, दिल्ली के सर्वांगीण विकास, जनभागीदारी और सशक्त समाज के निर्माण की दिशा में एक ठोस कदम है.

मुख्यमंत्री ने इसे ‘हरित बजट’ करार दिया और कहा कि शहर इस समय बदलाव के दौर से गुजर रहा है. उन्होंने कहा कि ‘‘ट्रिपल इंजन’’ सरकार के साथ राष्ट्रीय राजधानी तेजी से प्रगति कर रही है. गुप्ता ने साथ ही कहा कि मुफ्त सुविधाओं की संस्कृति से वृद्धि दर प्रभावित हुई और 2018 से 2020 के बीच राजस्व में गिरावट देखी गई. बजट में 74,000 करोड़ रुपये कर राजस्व का अनुमान लगाया गया है.

बिजली विभाग के लिए 3,942 करोड़ रुपये का प्रावधान

गुप्ता ने कहा कि दिल्ली की प्रति व्यक्ति आय देश में तीसरे स्थान पर है. बजट में बुनियादी ढांचा क्षेत्र के लिए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को 5,921 करोड़ रुपये जबकि शहरी विकास एवं आश्रय परियोजनाओं के लिए 7,887 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं. उन्होंने कहा, ‘ हमारा लक्ष्य सुरक्षित सड़कें, जलवायु गलियारे और बेहतर संपर्क व्यवस्था सुनिश्चित करना है.’

बिजली विभाग के लिए 3,942 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है. साथ ही, ‘ओवरहेड’ बिजली तारों को हटाने के लिए अलग से 200 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं. मुख्यमंत्री ने यमुना पार क्षेत्र के विकास के लिए 300 करोड़ रुपये, जबकि दिल्ली ग्राम विकास बोर्ड के लिए 787 करोड़ रुपये देने की घोषणा की. शहर में धूल-मुक्त सड़कों के विकास के लिए 1,352 करोड़ रुपये रखे गए हैं जिसके तहत 750 किलोमीटर सड़कों की ‘एंड-टू-एंड रिकार्पेटिंग’ (एक छोर से दूसरे छोर तक पूरी सतह को उखाड़कर या उसके ऊपर डामर की एक नई एवं मजबूत परत बिछाना) की जाएगी.


Leave a Reply